बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने सोमवार को एक राजनीतिक धमाका करते हुए पेगासस जासूसी मामले पर विपक्ष द्वारा की जा रही जाँच की मांग का समर्थन कर दिया। सोमवार को पटना में जनता दरबार खत्म होने के बाद नीतीश कुमार ने मीडिया के साथ बातचीत के दौरान कहा कि पेगासस केस की निश्चित तौर पर जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम टेलीफोन टैपिंग के मामले कई दिनों से सुन रहे हैं। ऐसे में जांच होनी चाहिए।
पेगासस जासूसी मामले में एक प्रश्न के उत्तर में नीतीश कुमार ने कहा कि लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, ऐसे में इसकी सही तरीके से जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा है कि सावधानी से पूरे मामले की जांच हो सकती है। सीएम नीतीश ने आगे कहा है कि जांच के बाद ही सही कदम उठाया जाए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जब इतने दिनों से लोग संसद में मुद्दा उठा रहे हैं, तो इसकी जांच होनी चाहिए, जिससे सच्चाई सामने आए। अगर कोई किसी को भी परेशान करने की कोशिश कर रहा है, तो जांच तो होना ही चाहिए।