बिहार पंचायत चुनाव: 24 सितम्बर से 12 दिसंबर के बीच 11 चरणों में मतदान, अधिसूचना जारी

Bihar Panchayat Chunav 2021 बिहार में पंचायत चुनावों के तारीखों की घोषणा कर दी गयी है। मंगलवार को बिहार चुनाव आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही पुरे राज्य में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) लागू हो गया।

इस बार 24 सितम्बर से 12 दिसंबर के बीच 11 चरणों में मतदान होंगे। मंगलवार को अधिसूचना जारी होने के साथ प्रत्याशी अब बुधवार से छह अलग-अलग पदों के लिए नामांकन भर सकेंगे। नामांकन के लिए उनको सात दिनों का समय मिलेगा। मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य, पंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के प्रत्याशी 11 बजे दिन से शाम चार बजे तक नामांकन कर सकेंगे।

बिहार चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार पहले चरण में 10 जिलों के 12 प्रखंडों में चुनाव कराए जाएंगे। दूसरे चरण में 32 जिलों के 48 प्रखंडों में, तीसरे चरण में 33 जिलों के 50 प्रखंडों में, चौथे चरण में 36 जिलों के 53 प्रखंडों में एवं पांचवें चरण में 38 जिलों के 58 प्रखंडों में चुनाव कराए जाएंगे। छठे चरण में 37 जिलों के 57 प्रखंडों में, सातवें चरण में 37 जिलों के 63 प्रखंडों तथा आठवें चरण में 36 जिलों के 55 प्रखंडों में मतदान होगा। नौंवें चरण में 33 जिलों के 53 प्रखंडों में तथा 10वें चरण में 34 जिलों के 53 प्रखंडों में चुनाव होंगे। 11वें चरण का मतदान बाढ़ प्रभावित इलाकों में होगा। इसके तहत 20 जिलों के 38 प्रखंडों में चुनाव कराने की तैयारी है। पहले जिन जिलों में बाढ़ नहीं है वहां मतदान कराए जाएंगे। इसके बाद बाढग़्रस्त क्षेत्रों में चरणवार मतदान कराए जाएंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग ने नामांकन के लेकर जारी निर्देश में कहा है कि अधिसूचना के अगले दिन से सातवें दिन तक प्रत्याशी नामांकन कर सकेंगे। यदि नामांकन के अंतिम दिन सार्वजनिक अवकाश होगा तो नामांकन की समय सीमा एक दिन बढ़ाई जा सकेगी।

नामांकन करने की अंतिम तिथि के बाद और तीन दिनों के अंदर प्रत्याशियों पर्चे की जांच होगी। यह कार्य एक या एक से अधिक दिनों तक हो सकेगा। नाम वापसी की तिथि भी निर्धारित करते हुए जिलों को निर्देश दिया है कि नामांकन पत्र की जांच की अंतिम तारीख के बाद दो दिनों का समय नाम वापसी के लिए दिया जाएगा।

मतदान के 48 घंटे के अन्दर आ जायेगा परिणाम

इसबार चुनाव परिणाम जानने के लिए पूरी चुनाव प्रक्रिया के अंत तक इंतजार नहीं करना होगा| इस बार मतदान समाप्ति के 48 घंटे के अंदर ही मतगणना का काम पूरा हो जाएगा। इसबार सभी चरण की मतदान समाप्ति के बाद मतगणना के बजाय चरण अनुसार प्रत्येक चरण के वोटिंग के अगले दो दिनों के भीतर परिणाम जारी कर दिए जाएंगे।

चार पदों पर ईवीएम से होगी वोटिंग

मुख्य निर्वाचन आयुक्त दीपक प्रसाद ने बताया कि इस बार 8072 ग्राम पंचायत मुखिया का चुनाव होगा जिनमें 113307 ग्राम पंचायत सदस्य हैं। 11104 पंचायत समिति सदस्य का चुनाव होगा। 1160 जिला परिषद सदस्य का चुनाव होगा। 8072  सरपंच का का चुनाव होगा। 113307 पंच पदों के लिए चुनाव होगा।

चार पदों पर ईवीएम से और दो पदों पर बैलेट से चुनाव होगा। बिहार के मुख्य निर्वाचन आयुक्त दीपक प्रसाद ने कहा कि देश भर से ईवीएम मशीन जुटाना सबसे बड़ी चुनौती थी।

नल-योजना की राशि की होगी निकासी

बिहार के पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना के बाद ग्राम पंचायतों के द्वारा नल-जल योजना छोड़ शेष अन्य किसी भी योजनाओं की राशि की निकासी नहीं की जा सकेगी। उन्होंने कहा आदर्श आचार संहिता लागू होने के साथ यह व्यवस्था प्रभावी हो जाएगी। उन्होंने कहा पहले जिन जिलों में बाढ़ नहीं है वहां चुनाव होंगे। इसके बाद बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में चुनाव कराए जाएंगे।

इन तिथियों को होंगे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव

पहले चरण का मतदान 24 सितंबर

दूसरा चरण 29 सितंबर

तीसरा चरण 08 अक्टूबर,

चौथा चरण 20 अक्टूबर

पांचवां चरण 24 अक्टूबर

छठा चरण 03 नवंबर

सातवां चरण 15 नवंबर 

आठवां चरण 24 नवंबर 

नौवां चरण 29 नवंबर

10वां चरण 08 दिसंबर

11वां और अंतिम चरण 12 दिसंबर

 


More Related Posts

Scroll to Top