पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा किसी को भी मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट नहीं करेगी

आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बिना किसी मुख्यमंत्री के चेहरे के मैदान में उतरने का निर्णय लिया है| पार्टी किसी भी नेता को चुनाव पूर्व मुख्यमंत्री का उम्मीदवार घोषित नहीं करेगी|

भारतीय जनता पार्टी के महासचिव तथा पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि पार्टी ने यह निर्णय लिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में किसी को भी मुख्यमंत्री का उम्मीदवार घोषित नहीं किया जाएगा| बिना किसी मुख्यमंत्री के चेहरे के, पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी|

कैलाश विजयवर्गीय का कहना है कि चुनाव में बहुमत प्राप्त करने के बाद पार्टी का नेतृत्व एवं विधायक नए मुख्यमंत्री का चुनाव करेंगे|

वैसे वर्तमान में भाजपा के पास कोई ऐसा चेहरा नहीं है जो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के चेहरे के सामने कड़ी टक्कर दे पाए| ऐसे में भाजपा व्यक्ति के बजाय मुद्दे पर चुनाव लड़ना चाह रही है|

भाजपा में मुख्यमंत्री के कई दावेदार हैं| जिसमें पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय तथा तृणमूल से भाजपा में शामिल हुए शुभेंदु अधिकारी शामिल है|

ऐसे में पार्टी नहीं चाहती कि किसी एक को सीएम का चेहरा घोषित कर पार्टी में फूट एवं गुटबाजी को पैदा किया जाए| वर्तमान में पार्टी का पूरा जोर एकजुट होकर पूरी ताकत से टीएमसी का सामना कर चुनाव जीतने पर है|

 


More Related Posts

Scroll to Top