बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज- जानें, एशिया के पहले स्टॉक एक्सचेंज की कैसे हुई शुरुआत

जब भी भारतीय कॉरपोरेट क्षेत्र की दशा और दिशा निर्धारित करने वाले कारकों की बात होती है, तो बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) Bombay Stock Exchange (BSE) का नाम सबसे पहले आता है। 1875 में 9 जुलाई के दिन इसकी स्थापना हुई थी। एशिया के पहले और सबसे तेज स्टॉक एक्सचेंज के रूप में पहचान बनाने वाले बीएसई की स्थापना की दिलचस्प कहानी है। कहते हैं कि 1850 में चर्चगेट इलाके में हर्निमन सर्कल के टाउनहॉल के पास बरगद के पेड़ के नीचे स्टॉक ब्रोकर व्यवसाय का संचालन करते थे। आगे चलकर 1874 में दलाल मेडोज स्ट्रीट और एमजी रोड जंक्शन पर शेयर ब्रोकर जुटने लगे। यह जगह दलाल स्ट्रीट के रूप में विख्यात हुई। औपचारिक रूप से 1874 में दलाल स्ट्रीट का नेटिव शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स एसोसिएशन की जगह के रूप में चयन किया गया।

मान्यता पाने वाला देश का पहला स्टॉक एक्सचेंज

शुरुआत में 318 लोग एसोसिएशन के सदस्य थे। धीरे-धीरे लोग बढ़ते गए और ट्रेडिंग के लिए एक बिल्डिंग की जरूरत महसूस होने लगी। 1899 में एसोसिएशन ने दलाल स्ट्रीट पर एक हॉल किराए पर लिया जिसका किराया 100 रुपए महीना था। एसोसिएशन इतना किराया नहीं चुका सकता था, इसलिए दिनशॉ मानेकजी पेटिट ने ये जिम्मेदारी अपने ऊपर ले ली, जिसके बाद इस हॉल का नाम उनके नाम पर रखा गया। ब्रोकर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत करने वाले दिनशॉ मानेकजी पेटिट ने वर्ष 1855 में भारत में पहले कपड़ा मिल की स्थापना की थी।

31 अगस्त 1957 को भारत सरकार ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को सिक्योरिटीज कॉन्ट्रैक्ट रेगुलेशन एक्ट के तहत मान्यता दी। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज ये मान्यता पाने वाला देश का पहला स्टॉक एक्सचेंज है।

1986 में शुरू किया गया था बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज सेंसेटिव इंडेक्स

फिलहाल जहां बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज स्थित है, उस बिल्डिंग को बनाने का काम 1973 में शुरू हुआ था। 1980 में सारा कारोबार यहां शिफ्ट किया गया और बिल्डिंग को बीएसई टॉवर्स नाम दिया गया। जिसे बाद में बदलकर फिरोज जीजीभाई टॉवर कर दिया गया। स्टॉक एक्सचेंज की ओवरऑल परफार्मेंस को मापने के लिए एक इंडेक्स की जरूरत थी, इसलिए 1986 में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज सेंसेटिव इंडेक्स शुरू किया गया। 2 जनवरी 1986 को पहली बार स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड 30 कंपनियों का इंडेक्स जारी किया गया। बाद में इसका नाम बदलकर सेंसेक्स कर दिया गया।

लगभग छह हजार कंपनियां हैं सूचीबद्ध

बीएसई ने भारतीय कॉरपोरेट क्षेत्र के विकास को सुगम बनाने के लिए इसे एक कुशल पूंजी जुटाने वाला प्लेटफॉर्म मुहैया कराया है। इससे लगभग छह हजार कंपनियां सूचीबद्ध हैं और एनवाईएसई, नास्दक, लंदन स्टॉक एक्सचेंज ग्रुप, जापान एक्सचेंज ग्रुप और शंघाई स्टॉक एक्सचेंज के साथ बीएसई दुनिया के सबसे बड़े एक्सचेंजों में एक है। आज बीएसई इक्विटी, मुद्रा, डेट इंस्ट्रूमेंट्स में ट्रेडिंग के लिए एक कुशल एवं पारदर्शी बाजार प्रदान करता है। यह इलेक्ट्रॉनिक ट्रेडिंग प्रणाली के लिए जाना जाता है जो तेज व प्रभावी ट्रेड एक्जीक्यूशन उपलब्ध कराता है। आज मार्केट कैपिटलाइजेशन के लिहाज से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज दुनिया का 9वां सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज है।

- PBNS

 


More Related Posts

Scroll to Top