शुक्रवार को रेल मंत्रालय ने एक बड़ा निर्णय लेते हुआ रेल गाड़ियों के परिचालन में कोरोना पूर्व की स्थिति बहाल करने का निर्णय लिया। रेलवे ने अब मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों से 'स्पेशल' टैग को हटाने का निर्णय लिया है। अब रेल गाड़ियाँ अपने मूल नाम, नंबर, समय सारिणी एवं किराए के अनुसार चलेंगी। भारतीय रेल ने तत्काल प्रभाव से बढे हुए किराए की जगह कोरोना महामारी के पहले की टिकट की कीमतों पर यात्रा कराने का आदेश जारी किया। कोरोना महामारी के कारण लाकडाउन में ढील देने के बाद रेलवे केवल विशेष ट्रेनें चला रहा था।
रेलवे बोर्ड ने शुक्रवार देर शाम को एक सर्कुलर जारी किया। जारी सर्कुलर के मुताबिक, ट्रेनों के प्रकार और यात्रा को लेकर नए दिशा-निर्देशों के साथ नियमित किराए का संचालन किया जाएगा। कोरोना महामारी के नियंत्रण में होने के साथ मंत्रालय ने शुक्रवार की बैठक में कोरोना से पहले के अनुसार ट्रेनों को फिर से चलाने का फैसला किया। स्पेशल ट्रेनों और हालिडे स्पेशल ट्रेनों के टिकट की कीमतें थोड़ी अधिक होती हैं।
हालाँकि अब भी जनरल डिब्बो में आरक्षण खत्म नहीं किया गया है।
मंत्रालय के इस निर्णय का असर 1700 ट्रेनों पर पड़ेगा। कोरोना महामारी से पहले लगभग 1700 मेल एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही थीं, लेकिन महामारी के कारण इन ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा था। महामारी से देश के प्रभावित होने के बाद से भारतीय रेलवे पूरे देश में पूर्ण आरक्षण के साथ विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। इन विशेष ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को सामान्य ट्रेनों की तुलना में 30 फीसद ज्यादा किराया देना पड़ता था।