केन्द्र सरकार ने कोरोना टीकाकरण के संबंध में बड़ा निर्णय लेते हुए आगामी 1 अप्रैल से 45 साल से ऊपर के सभी नागरिकों को वैक्सीन देने का फैसला लिया है। वर्तमान में 60 साल के ऊपर और 45 वर्ष से 60 साल के बीच के गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को ही वैक्सीन दी जा रही है।
पहले सरकार ने स्वास्थ्य कर्मियों और अग्रिम पंक्ति के कोरोना योद्धाओं को पहले चरण में वैक्सीन दिए जाने को मंजूरी दी थी। केंद्रीय मंत्री जावडेकर ने मंगलवार को कहा कि वैक्सीन लगाने के लिए 45 साल से ऊपर के व्यक्ति को 1 अप्रैल से डॉक्टर का सर्टिफिकेट दिखाने की जरूरत नहीं है। यदि उम्र 45 से ऊपर है, तो उसे वैक्सीन मिलेगी।
मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में विशेष कार्य बल एवं वैज्ञानिकों की सलाह पर यह निर्णय लिया गया।
'कोविशिल्ड' की दूसरी डोज को 4 से 8 सप्ताह के बीच कभी भी दिया जा सकेगा
कैबिनेट के निर्णयों की जानकारी देते हुए सुचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने बताया कि अब वैक्सीन की दूसरी खुराक खासकर 'कोविशिल्ड' को 4 से 8 सप्ताह के बीच कभी भी दिया जा सकता है।
अब तक 4.85 करोड़ लोगों को लग चूका है टिका
जावडेकर ने कहा की देश में टीकाकरण अच्छा और तेज गति से हो रहा है। अब तक 4.85 करोड़ लोगों को वैक्सीन के टीके लग चुके हैं। 80 लाख लोगों को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज़ भी लग चुकी है।
पिछले 24 घंटों के दौरान 32 लाख से अधिक लोगों को लगा टीका
पिछले 24 घंटों के दौरान 32.54 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगा है। फरवरी से लेकर अब तक दैनिक टीकाकरण में कई गुना इजाफा हुआ है। जावडेकर ने कहा कि देश में कोरोना की वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।