प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का कन्वेंशन सेंटर बनकर के तैयार हो गया है जिसे नाम दिया गया है ‘रुद्राक्ष’| काशी भगवान शिव की नगरी और रुद्राक्ष शिव को प्रिय है| इसीलिए जापान के सहयोग से बने इस कन्वेंशन सेंटर को ‘रुद्राक्ष’ (Convention center Rudraksh) नाम दिया गया है|
स्थानीय सांसद और देश के प्रधानमंत्री के सोच के अनुरूप बना यह रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर भारत और जापान की मित्रता का प्रतिक है| इस भवन का नाम तो प्राचिन है परन्तु भवन सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त हैं। रुद्राक्ष में कला और संस्कृति की अद्भुत छटा भी दिखती है।
बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में जापान सरकार के सहयोग से 182 करोड़ की लागत में शिवलिंग के आकार में निर्मित इस अन्तरराष्ट्रीय रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर की भव्यता लोगों को अपनी ओर खींचने लगी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 जुलाई को इसका उद्घाटन करेंगे। खुद प्रधानमंत्री ने ट्विट कर इसकी जानकारी दी|
I am delighted to be inaugurating a convention centre Rudraksh in Varanasi. Constructed with Japanese assistance, this state-of-the-art centre will make Varanasi an attractive destination for conferences thus drawing more tourists and businesspersons to the city. pic.twitter.com/ExoBLO6sp3
— Narendra Modi (@narendramodi) July 14, 2021
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर की विशेषता
2018 से निर्माण की हुई शुरुआत
वर्ष 2015 में जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ वाराणसी आये थे। उनके यहां आने के पहले ही सेंटर का खाका बना था। दो वर्ष पूर्व ओसाका में आयोजित जी-20 सम्मेलन में भी जापान के तत्कालीन पीएम शिंजो आबे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच इसको लेकर चर्चा हुई थी। अब सज-धज कर तैयार सेंटर की वीडियो क्लिप जापान सरकार को भेजी गई है। यह भवन 2018 से बनना शुरू हुआ और यह स्मार्ट सिटी योजना के तहत बना है।
वाराणसी स्मार्ट सिटी के जनरल मैनेजर डॉ. डी वासुदेव बताते हैं कि इसे 2020 में ही तैयार होना था। लेकिन कोरोना की वजह से इसके पूरे होने और उद्घाटन में देर हो गई। अब यह तैयार हो गया है और पीएम इसका उद्घाटन करेंगे।
जापानी और भारतीय वास्तु शैलियों की दिखेगी झलक
भारत-जापान के दोस्ती के प्रतीक सेंटर में प्रधानमंत्री रुद्राक्ष के पौधे का रोपण भी करेंगे। पूरे परिसर को जापानी शैली में सजाया जा रहा है। परिसर में जापानी बांस के साथ ही रंग बिरंगे कंकड़, बोन्साई पौधे, रंग बिरंगी चटाई, रंगीन लालटेन, चीनी मिट्टी के बर्तन, चावल का पेपर, पुआल का प्रयोग कर खासतौर पर कला तैयार किया गया है। जापानी और भारतीय वास्तु शैलियों का भी मेल इसमें देखने को मिलेगा। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान इन्डो जापान कला और संस्कृति की झलक भी दिखेगी।
-PBNS