दिल्ली भाजपा ने आप विधायक पर लगाया ग्रामसभा की जमीन पर अवैध कब्जा का आरोप

दिल्ली भाजपा के महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सोमवार को ग्रेटर कैलाश से आम आदमी पार्टी के विधायक एवं मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज पर कथित रूप से ग्रामसभा की जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है|

दिनेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि सौरभ भारद्वाज ने अवैध रुप से गांव वालों की जमीन को कब्जा किया है। सौरभ भारद्वाज चिराग दिल्ली गांव में हिन्दुओं की आस्था से जुड़े 150 साल पुराने त्रिवेणी वृक्ष जहां रामलीला कार्यक्रम के साथ गांव की साभाएं भी होती हैं, उस जमीन पर अवैध कब्जा कर पार्टी कार्यालय का निर्माण कार्य करवा रहे हैं। इस अवैध निर्माण के खिलाफ ग्रामीण कोर्ट में भी गए, जहां कोर्ट ने तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य पर रोक लगा दी, लेकिन विधायक सौरभ भारद्वाज और ‘आप’ की स्थानीय निगम पार्षद पूजा जाखड़ की आपसी साठगांठ के बाद पार्टी दफ्तर बनाने का कार्य पीछे के दरवाजे से जारी है।

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि भोंरो का चौक पर स्थित करीब 200 गज में फैली करोड़ों की इस जमीन के साथ गांव वालों की आस्था भी जुड़ी हुई है। गांव वाले मजबूरन अब एक बार फिर से कोर्ट में जाने को विवश हैं।

पार्टी प्रवक्ता हरीश खुराना ने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि जमीन को अवैध रुप से हथियाना आम आदमी पार्टी के लिए कोई नई बात नहीं है। पहले भी ‘आप’ के विधायकों द्वारा जमीन हथियाने की कोशिश की जा चुकी है।

 


More Related Posts

Scroll to Top