पश्चिम बंगाल के लिए भाजपा के संकल्प पत्र में महिला, किसान एवं संस्कृति पर जोर

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Election) के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपना संकल्प पत्र (Santalp Patr) जारी कर दिया है| वैसे तो सोनार बांग्ला (Sonar Bangla) बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने वायदों की झड़ी लगा दी है और अपने सभी समीकरणों को साधने की कोशिश की है यानी सबके लिए कुछ ना कुछ है| लेकिन फिर भी इस संकल्प पत्र का जो मुख्य केंद्र बिंदु है वह है महिला, किसान एवं बंगाल की सांस्कृतिक पहचान|

अपने लिए एक अलग महिला वोट बैंक बनाने की भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) लगातार कोशिश कर रही है| यह  बिहार विधानसभा चुनाव में भी दिखा था| वैसे तो पश्चिम बंगाल में ऐसा माना जाता है कि महिला वोटर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ काफी मजबूती से खड़ी रहती है, लेकिन इसबार भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को अपने साथ जोड़ने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है|

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने भाजपा का घोषणा पत्र (Manifesto) जारी करते हुए कहा कि भाजपा जब पश्चिम बंगाल की सत्ता में आएगी तो सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33% का आरक्षण दिया जाएगा| महिलाओं के लिए केजी से लेकर पीजी तक की पढ़ाई मुफ्त कर दी जाएगी| बस एवं अन्य सभी सरकारी यातायात व्यवस्था में महिलाओं की यात्रा मुफ्त कर दी जाएगी| यदि बालिका छात्रा छठी में जाती है तो उसको ₹4000, नौवीं कक्षा में ₹5000, 11वीं कक्षा में ₹7000 तथा 12वीं कक्षा में जाने पर ₹10000 दिया जाएगा| विधवा पेंशन 1000 से बढ़ाकर ₹3000 प्रतिमाह कर दिया जाएगा| महिलाओं के लिए पुलिस में 9 महिला बटालियन तथा 3 महिला पुलिस रिजर्व बटालियन बनाने की भी घोषणा की|

किसानों की बात करें तो अमित शाह ने घोषणा की कि 75 लाख किसानों को सरकार बनते ही पीएम किसान योजना लागु कर 3 साल का बकाया ₹18000 एक साथ दिए जाएंगे| इसके बाद किसान को ₹6000 पीएम किसान का और ₹4000 राज्य सरकार से मिलाकर प्रत्येक वर्ष ₹10000 दिए जाएंगे| इसके अलावा 20000 करोड रुपए के साथ कृषक सुरक्षा फंड बनाने, मछुआरों की नौकाओं का शत-प्रतिशत मशीनीकरण करने और 1000 करोड़ रुपए के निवेश के साथ अमूल की सहायता से बंगाल में श्वेत क्रांति लाने जैसी कई घोषणाएं भी की गई|

ममता बनर्जी बार-बार भारतीय जनता पार्टी पर बाहरी का आरोप लगा करके इसे बंगाल की संस्कृति से कटा बताने की कोशिश करती हैं| लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में बंगाली संस्कृति पर बहुत ही ज्यादा जोर दिया है| बंगाल के महापुरुषों पर कई योजनाएं एवं पुरस्कारों की घोषणा करने के साथ-साथ बांग्ला भाषा को स्कूलों में अनिवार्य करने की बात कही है| इसके साथ ही तकनीकी शिक्षा भी बांग्ला भाषा में उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है| दुर्गा पूजा एवं सरस्वती पूजा के लिए कोर्ट से अनुमति लेने की जरूरत नहीं होगी| कोलकाता में बड़े धूमधाम से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाएगा तथा उसे एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के रूप में विकसित किया जाएगा| रविंद्र नाथ टैगोर एवं सत्यजीत रे पर बड़े अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार की भी घोषणा की गई है| नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर प्रत्येक ब्लॉक में नेताजी सुभाष चंद्र बोस बीपीओ की स्थापना की जाएगी| इसी तरह से ईश्वर चंद्र विद्यासागर गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर, सुभाष चंद्र बोस इत्यादि जैसे बंगाली सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महापुरुषों के नाम पर कई योजनाओं की घोषणा की गई है|

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा की सरकार बनने पर कैबिनेट की पहली बैठक में पश्चिम बंगाल में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लागू किया जायेगा| इसके अलावा अवैध घुसपैठ रोकने, गायों की तस्करी पर रोक लगाने, पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था को ठीक करने, पश्चिम बंगाल में हुई राजनीतिक हत्याओं की जांच कराने, राजनीतिक हत्याओं पर रोक लगाने, नौकरशाही की राजनीतिकरण को खत्म करने, बंगाल से भ्रष्टाचार को खत्म करने, कोयला माफियाओं पर लगाम लगाने, बंगाल से कट मनी को खत्म करने, भ्रस्टाचार की शिकायत के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में एक हेल्पलाइन नंबर शुरू करने तथा बंगाल में एक व्हिसल ब्लोवर कानून लाने की भी घोषणा की गई|

भाजपा ने पहले ही कैबिनेट में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने की घोषणा की| इसके अलावा बंगाल के 3 पिछड़े इलाके उत्तर बंगाल, जंगलमहल एवं सुंदर वन क्षेत्र में केंद्र की सहायता से तीन नए एम्स की स्थापना करने की भी घोषणा की है| मेडिकल की सीटों को दुगुना करने, 900 नए एंबुलेंस लाने एवं ग्रामीण स्वास्थ्य और आशा वर्कर के लिए भी कई योजनाओं की घोषणा की है|

बंगाल के सरकारी कर्मचारियों को लुभाने के लिए पार्टी ने सातवें वेतन आयोग को लागू करने की भी घोषणा कर दी है|

साथ ही पश्चिम बंगाल की नौकरियों के लिए एक कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट की भी व्यवस्था करने की घोषणा की है| गरीबों को लुभाने के लिए अन्नपूर्णा कैंटीन शुरू करने की घोषणा की है, जिसमें ₹5 में 3 बार खाना मिलेगा| पार्टी ने उत्तर बंगाल, चाय एवं जंगलमहल के लिए अलग विकास बोर्ड की भी घोषणा की है| अन्य घोषणाओं में देखें तो एक 675 किलोमीटर का नेताजी सुभाष चंद्र बोस एक्सप्रेसवे जो कोलकाता से सिलीगुड़ी तक जाएगी बनाने की घोषणा की है| मंदिर के सभी पुरोहितों को ₹3000 मासिक, सभी कीर्तन करने वालों को जो जिनकी उम्र 60 वर्ष से ज्यादा है उनको भी ₹3000 मासिक दिया जाएगा| मंदिरों के पुनरुद्धार के लिए 100 करोड़ की व्यवस्था करने की घोषणा की है| सभी सरकारी आदेशों में बांग्ला भाषा का उपयोग अनिवार्य करने की भी बात कही है| नई पर्यटन नीति, 9  टूरिस्ट सर्किट की स्थापना करने, बंगाली फिल्म निर्माताओं के लिए सहायता उपलब्ध कराने, जुट मीलों का आधुनिकीकरण करने, चाय पार्क का निर्माण करने, एमएसएमई के लिए 10 लाख  तक के लोन की व्यवस्था करने, ओबीसी आरक्षण में नई जातियों को जोड़ने, प्रत्येक घर में टॉयलेट एवं पीने का पानी पहुंचाने, हर थाने को सीसीटीवी से जुड़ने इत्यादि जैसे ढेरों घोषणाएं की गई है|


More Related Posts

Scroll to Top