अमेरिका (America) के इंडियाना (Indiana) शहर के फेडेक्स फैसेलटी सेंटर में गोलीबारी (Firing at FedEx Center) के दौरान चार सिखों सहित कुल आठ लोग मारे गए हैं। इस घटना में पांच अन्य लोग घायल भी हुए हैं, जिसमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गोलीबारी करने वाले शख्स की पहचान इंडियाना निवासी 19 वर्षीय ब्रैंडन स्कॉट होल के तौर पर हुई है। इस घटनाक्रम को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी आत्महत्या कर ली। इस घटना पर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बिडेन और भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने दुःख व्यक्त किया है।
जानकारी के लिए बता दें, डिलीवरी सर्विस फैसेलटी पर काम करने वाले 90 फीसदी लोग भारतीय-अमेरिकी मूल के हैं। यहां के अधिकतर कर्मी ज्यादातर स्थानीय सिख समुदाय से आते हैं। इस हादसे में भारतीय मूल के हरप्रीत गिल को गोली लगी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने हमले को बताया महामारी
राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि उन्हें गोलीबारी की जानकारी मिली है। उन्होंने बंदूक द्वारा फैलाई गई हिंसा को 'महामारी' कहा। उन्होंने एक बयान में कहा 'बहुत सारे अमेरिकी बंदूक द्वारा फैलाई गई हिंसा से हर दिन कई लोग मर रहे हैं। यह हमारे चरित्र पर दाग लगाता है और हमारे राष्ट्र की आत्मा पर हमला करता है।'
इस दौरान अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी इस घटना पर शोक जताया है। कमला ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'फेडेक्स फैसेलटी सेंटर में मारे गए लोगों के साथ पूरे राष्ट्र की संवेदनाएं हैं, जो लोग इस हमले में घायल हुए हैं, मैं प्रार्थना करती हूं कि वे लोग जल्दी ठीक हो जाएं।
पीड़ितों की मदद की जाएगी: भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर
इस घटना के संदर्भ में भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ट्वीट कर कहा, ‘इस घटना में पीड़ित लोगों में भारतीय अमेरिकी सिख समुदाय के लोग भी शामिल हैं। शिकागो में हमारा कांसुलेट जनरल, इंडियानापोलिस के स्थानीय अधिकारियों और मेयर के साथ-साथ सामुदायिक नेताओं के भी संपर्क में है। वहां हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।
इन लोगों ने गंवाई जान
मैरियन काउंटी कोरोनर के कार्यालय ने मृतकों की पहचान करली स्मिथ- 19, सामरिया ब्लैकवेल- 19, 32 वर्षीय मैथ्यू आर. अलेक्जेंडर, अमरजीत जोहल- 66, जसविंदर कौर- 64, जसविंदर सिंह- 68, अमरजीत सेखों- 48, और जॉन वीसर्ट- 74 के रूप में की है।
इंडियानापोलिस में गोलीबारी की यह तीसरी घटना
गौरतलब हो, इंडियानापोलिस में इस साल में यह गोलीबारी की तीसरी घटना है। हालांकि पुलिस अब तक हमलावर की पहचान नहीं कर पाई है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर की गई प्रारंभिक जांच से लगता है कि हमलावर ने आत्महत्या की है।