युक्रेन में फंसे भारतियों की निकासी अभियान को धार देने जायेंगे चार केन्द्रीय मंत्री

यूक्रेन संकट के मद्देनजर सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने एक उच्‍चस्‍तरीय बैठक की थी जिसमें चार केंद्रीय मंत्रियों को यूक्रेन के पड़ोसी देशों में पहुंचकर भारतीयों की सुरक्षित निकासी में समन्वय की जिम्मेदारी देने का फैसला लिया गया। चार केन्‍द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरेन रिजिजू और जनरल वी के सिंह यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों के निकासी अभियान से संबंधित तालमेल और विद्यार्थियों की मदद के लिए यूक्रेन के पड़ोसी देशों का दौरा करेंगे।

ये मंत्री भारत के विशेष दूत के रूप में वहां जायेंगे। यूक्रेन में फंसे भारतीयों को मदद पहुंचाने के लिए ज्योतिरादित्य सिंधिया रोमानिया और मोल्दोवा, किरेन रिजिजू स्लोवाकिया, हरदीप सिंह पुरी हंगरी और जनरल वी के सिंह पोलैंड जाएंगे।

प्रधान मंत्री ने यूक्रेन मुद्दे पर कल एक उच्च स्तरीय बैठक में कहा कि यूक्रेन में फंसे सभी भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने बात करके भारतीयों की सुरक्ष‍ित वापसी की अपील कर चुके हैं। उन्‍होंने दोनों नेताओं से हिंसा रोकने की अपील की थी। प्रधानमंत्री मोदी का कहना है कि भारत ने हमेशा ही विदेशी धरती पर मुश्किल परिस्थितियों में घिरे अपने नागरिकों की मदद की है और उन्‍हें सुरक्ष‍ित भारत लाने का काम किया है। मौजूदा वक्‍त में भारतीयों की सुरक्षित वापसी सरकार की पहली प्राथमिकता है।

रूसी हमले के बाद यूक्रेन का हवाई क्षेत्र बंद हो गया है। इस कारण यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को रोमानिया, हंगरी, पोलैंड और स्लोवाकिया से लगी सीमा चौकियों के जरिए निकाला जा रहा है।

 


More Related Posts

Scroll to Top