महाराष्ट्र में सुशासन और सामाजिक न्याय की जीत, झूठ और फरेब की हुई हार : पीएम मोदी

महाराष्ट्र में भाजपा और ‘महायुति’ की बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय की जीत हुई है, और झूठ तथा धोखे की करारी हार हुई है।

महाराष्ट्र ने विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत किया

पीएम मोदी ने कहा, “आज महाराष्ट्र में विकासवाद की जीत हुई है, सुशासन की जीत हुई है, सच्चे सामाजिक न्याय की विजय हुई है। महाराष्ट्र में आज झूठ, छल, फरेब बुरी तरह हारा है। विभाजनकारी ताकतें हारी हैं, नेगेटिव पॉलिटिक्स की पराजय हुई है। आज महाराष्ट्र ने विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत किया है। आज मैं देशभर के भाजपा और एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं और सबका अभिनंदन करता हूं।”

भाजपा महाराष्ट्र में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी

पीएम मोदी ने कहा कि बीते 50 साल में यह किसी भी पार्टी या किसी भी प्री-पोल एलायंस के लिए सबसे बड़ी जीत है। यह लगातार तीसरी बार है जब भाजपा के नेतृत्व में किसी गठबंधन को लगातार महाराष्ट्र ने आशीर्वाद दिए हैं, विजयी बनाया है और भाजपा महाराष्ट्र में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। यह भाजपा के सुशासन मॉडल पर जनता की मुहर है। हरियाणा के बाद महाराष्ट्र के चुनाव का भी सबसे बड़ा संदेश एकजुटता है।

कांग्रेस और उसके साथियों की साजिश को महाराष्ट्र ने सिरे से किया खारिज

उन्होंने कहा कि ‘एक हैं, तो सेफ हैं’ का नारा आज देश का महामंत्र बन चुका है। कांग्रेस और उसके इकोसिस्टम ने सोचा था कि संविधान के नाम पर झूठ बोलकर, आरक्षण के नाम पर झूठ बोलकर एससी/एसटी/ओबीसी को छोटे-छोटे समूहों में बांट देंगे। कांग्रेस और उसके साथियों की इस साजिश को महाराष्ट्र ने सिरे से खारिज कर दिया है। महाराष्ट्र ने डंके की चोट पर कहा है कि ‘एक हैं, तो सेफ हैं’।

देश का वोटर, ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ

” ‘इंडी’ वाले देश के बदले हुए मिजाज को नहीं समझ पा रहे हैं। ये लोग सच्चाई को स्वीकार करना ही नहीं चाहते। ये लोग आज भी भारत के सामान्य वोटर के विवेक को कम करके आंकते हैं। देश का वोटर, ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ है। जो ‘कुर्सी फर्स्ट’ का सपना देखते हैं, उन्हें देश का वोटर पसंद नहीं करता।”

 


More Related Posts

Scroll to Top