20 वर्षों के अमेरिकी प्रशिक्षण से तैयार अफगानिस्तान की सेना, इतनी आसानी से कैसे हार गई?

जितनी तेजी से तालिबान (Taliban) ने पूरे अफगानिस्तान (Afghanistan) पर कब्जा किया और अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी देश छोड़कर भाग गए, उससे पूरा विश्व हैरान है। लोगों को समझ में नहीं आ रहा कि जिस अफगानिस्तान की सेना (Afghan Army) को अमेरिकी सेना (American Army) ने 20 वर्षों के प्रशिक्षण के बाद तैयार किया, अत्याधुनिक हथियार दिया, वह इतनी आसानी से तालिबान से कैसे हार गई? किसी को यह बात पच नहीं रहा, चाहे वह आम आदमी हो या फिर पूर्व सैन्य अधिकारी।

भारतीय सेना के पूर्व अध्यक्ष जनरल वीपी मलिक ने ट्वीट करते हुए कहा की अफगानिस्तान की जिस सेना एवं वायु सेना का गठन अमेरिका ने किया, जिसका प्रशिक्षण अमेरिका सहित कई देशों के द्वारा दीया गया, वह अपने देश के लिए एक भी मोर्चा नहीं संभाल पाया, एक भी लड़ाई नहीं लड़ पाया क्यों? इसकी विश्लेषण एवं भविष्य के लिए सीख लेने की जरूरत है।

अमेरिकी प्रशिक्षण एवं अत्याधुनिक हथियारों से लैस अफगान सेना का तालिबान के सामने यूं घुटने टेक देने के कई कारण है। यहां तक की एक सोची समझी साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। जो समय के साथ बाहर आएगा। लेकिन प्रथम दृष्टया अफगानिस्तान की सेना के हार के जो मुख्य कारण प्रतीत होते हैं वह है

  • कमजोर सैन्य एवं राजनीतिक नेतृत्व
  • भ्रष्टाचार
  • लॉजिस्टिक यानी सप्लाई लाइन का टूट जाना
  • सेना में इच्छाशक्ति की कमी
  • मध्यकालीन बर्बर इस्लामिक लड़ाई का सामना करने का रणनीति ना होना

युद्ध में सैनिक जरूर लड़ते हैं लेकिन वह जीतेंगे या उनको पराजय का सामना करना पड़ेगा इसमें सबसे बड़ी भूमिका होती है सैन्य एवं राजनीतिक नेतृत्व की। एक मजबूत राजनीतिक नेतृत्व एवं रणनीतिक रूप से कुशल एवं निडर सैन्य नेतृत्व की अनुपस्थिति में कोई सेना युद्ध नहीं जीत सकती। एक तरफ जहां मजबूत राजनीतिक नेतृत्व सेना का मनोबल बढ़ता है वही दूसरी तरफ रणनीतिक रूप से कुशल नेतृत्व युद्ध के मैदान में बाजी को पलट देता है।

अफगानिस्तान की सेना को इन दोनों की ही कमी खली। राष्ट्रपति गनी अपनी जान बचाने के लिए खुद देश छोड़कर भाग गए तो वहीं दूसरी तरफ कमजोर सैनी नेतृत्व तालिबान के हमलों का माकूल जवाब देने की कोई सामरिक रणनीति नहीं बना पाया।

पिछले 20 साल से अफगानिस्तान की सेना अमेरिकी सेना के साथ मिलकर तालिबान से युद्ध जरूर लड़ रही थी लेकिन उसका नेतृत्व अमेरिकी सैन्य अधिकारी करते थे और वही हमले की रणनीति बनाते थे। इस बार जब नेतृत्व करने एवं सामरिक रणनीति बनाने का दायित्व अफगान सेना के अधिकारियों के कंधे पर आया तो वह फिसड्डी साबित हुए।

इसी रणनीतिक अकुशलता के कारण तालिबान ने अफगान सेना को देश के पूर्वी भाग में ही उलझा कर उसकी कमर तोड़ दी। परिणाम यह हुआ कि जब हेरात, कंधार एवं अंततः काबुल की तरफ बढ़े तो अफगान सेना के पास इतनी ताकत ही नहीं बची कि वह तालिबान का सामना कर पाते।

अफगानिस्तान की सरकार में व्यापक भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही थी। अमेरिकी सेना की सुरक्षा एवं अमेरिका सहित विश्व से मिल रही और अरबो खरबों की सहायता ने अफगानिस्तान के नेतृत्व को भ्रष्ट बना दिया था। अफगानिस्तान की सेना भी इससे अछूती नहीं थी।

सेना के जवानों को कई महीनों से वेतन नहीं मिले थे। राजनितिक एवं सैन्य नेतृत्व तालिबान से मोर्चा ले रहे जवानों तक भोजन एवं मूलभूत और आवश्यकताओ तक की आपूर्ति सुनिश्चित करने में असफल रहा। जिसके कारण सेना के जवानों में निराशा एवं लाचारी थी।

अमेरिका ने अफगानिस्तान को एयर पावर यानी 5 वायु शक्ति प्रदान नहीं किया था, जिसके कारण मूवमेंट एवं लॉजिस्टिक आपूर्ति के लिए अफगानिस्तान सेना पूर्णता सड़क पर निर्भर थी।

सीमावर्ती क्षेत्रों में तालिबान ने सड़कों पर नियंत्रण करना शुरू किया। सड़कों पर तालिबान का नियंत्रण होते ही अफगानिस्तान सेना कमजोर पड़ने लगी। अफगानिस्तान की सरकार का सड़क संपर्क पड़ोसी देशों से कट गया। जिससे लॉजिस्टिक एवं सप्लाई की समस्या पैदा हो गई। किसी भी युद्ध के मैदान में उस सेना का मजबूत लॉजिस्टिक एवं आपूर्ति लाइन उसकी ताकत को कई गुना बढ़ा देता है। लेकिन अफगानिस्तान सेना का लॉजिस्टिक एवं सप्लाई लाइन टूट गया। तालिबान से मोर्चा ले रहे सैनिकों के पास भोजन एवं गोला बारूद की आपूर्ति बाधित हो गई।

सप्लाई लाइन बाधित होते ही तालिबान से मोर्चा ले रहे सैनिकों के पास भोजन, गोला बारूद इत्यादि की कमी होने लगी। बिना गोला बारूद के भूखे सैनिक कैसे लड़ते हैं? आत्मसमर्पण कर दिया।

युद्ध के लिए अत्याधुनिक हथियारों के साथ-साथ मोटिवेशन एवं इच्छाशक्ति की भारी जरूरत होती है। अफगान सैनिकों के अंदर इच्छाशक्ति की भारी कमी थी। उनके अन्दर राष्ट्र की भावना की कमी थी। वह अपने आप को अपने कबीलाई पहचान से पूर्णता बाहर नहीं ला पाए।

अफगानिस्तान में कई ट्राईब यानी कबीले है जिसमें मुख्य है पश्तून, हाजरा, उजबेक, ताजिक, अमाक, ब्लुथी, काजिबंश इत्यादि। ये काबिले एक दूसरे का आधिपत्य स्वीकार नहीं करते। इनकी अपनी अलग पहचान, संस्कृति एवं भाषा है। तालिबान मुख्य रूप से पश्तून कबीले के है। पाकिस्तान - अफगानिस्तान सीमा के दोनों तरफ पश्तून कबीलों की बड़ी आबादी रहती है।

अफगानिस्तान की सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं पिछले राष्ट्रपति चुनाव परिणाम को लेकर हुए विवाद के बाद अशरफ गनी की लोकप्रियता में भारी कमी आई थी। सैनिको में यह भावना पैदा हो गई कि अफगानिस्तान की सेना की तरफ से लड़ने का मतलब है अशरफ गनी के लिए लड़ना और अपनी जान देना, जिसका कोई मतलब नहीं बनता है। क्योंकि अशरफ गनी वह सम्मान जीतने में असफल रहे थे। सैनिकों की आशंका उस वक्त सही साबित हो गई जब अफगानिस्तान की जनता को उसके हाल पर छोड़ कर अशरफ गनी खुद अफगानिस्तान छोड़कर भाग खड़े हुए।

अफगानिस्तान का कमजोर सैनिक एवं राजनीतिक नेतृत्व सेना को मोटिवेट करने एवं एकजुट रखने में असफल रहा। अफगान सेना की असफलता ने अमेरिकी सेना की सैन्य प्रशिक्षण की कमियां एवं सीमा को उजागर कर दिया। अमेरिका ने अफगानिस्तान की सेना को एक आधुनिक सेना की कमांडो ट्रेनिंग दिया था। लेकिन एक मध्यकालीन बर्बर इस्लामी आतंकी संगठन जो किसी नियम को नहीं मानता, उसे किस रणनीति के तहत पराजित किया जाए, इसकी ट्रेनिंग अमेरिका ने नहीं दिया। तालिबान को तभी पराजित किया जा सकता है जब उसको उसी की भाषा एवं अंदाज में जवाब दिया जाए।

अफगानिस्तान सेना की असफलता ने साबित कर दिया की सिर्फ सेना के द्वारा युद्ध नहीं जीता जा सकता। इसमें राजनीतिक एवं सैन्य नेतृत्व की भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण होती है। इस घटना से यह भी साबित हो गया कि युद्ध सिर्फ हथियारों से नहीं लड़े और जीते जाते। युद्ध लड़ने एवं जीतने के लिए इच्छा शक्ति, मोटिवेशन, जोश एवं जज्बे की सख्त जरूरत होती है।

अगर किसी सेना के अंदर युद्ध की इच्छा शक्ति ना हो तो आधुनिक हथियार भी किसी काम के नहीं।

 


More Related Posts

Scroll to Top