भारत – पाकिस्तान में सीमा पर गोलीबारी बंद करने पर बनी सहमति

पाकिस्तान की ओर से सीमा पार से लगातार सीजफायर उल्लंघन को लेकर दोनों देशों के डीजीएमओ ने  हॉटलाइन पर बात की। साथ ही दोनों पक्षों ने नियंत्रण रेखा और अन्य सभी क्षेत्रों में एक खुले, स्पष्ट और सौहार्दपूर्ण वातावरण में स्थिति की समीक्षा की। जिसमें दोनों ही अधिकारियों ने नियंत्रण रेखा और अन्य सभी क्षेत्रों में आज मध्यरात्रि से गोलीबारी बंद करने के लिए सहमति जताई।   

एक साझा बयान में कहा गया कि दोनों देशों ने सभी संधियों, समझौतों और संघर्ष विराम के नियमों का पालन करने पर सहमति जताई है। यह सहमति 24-25 फरवरी की मध्यरात्रि से लागू हो गई  है, जिसमें सीमा पर गोलीबारी बंद करने का फैसला भी शामिल है। दोनों पक्षों ने दोहराया कि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति या गलतफहमी को हल करने के लिए हॉटलाइन संपर्क और बॉर्डर फ्लैग मीटिंग के मौजूदा तंत्र का उपयोग किया जाएगा। 

वहीं पाकिस्तान की सीमा पर पारंपरिक रूप से स्थायी शांति स्थापित करने के लिए साझा बयान में कहा गया कि दोनों देशों के डीजीएमओ  ने नियंत्रण रेखा और बाकी सभी सेक्टरों पर हालात की समीक्षा की।

दोनों देश उन मुद्दों और चिंताओं पर कार्यवाही करेंगे जिनकी वजह से शांति भंग होती है और हिंसा होती है। यह बातचीत सीमाओं पर लगातार शांति बरकरार रखने की दिशा में उठाया गया एक कदम है। 

 2020 में 5 हजार बार सीजफायर का उल्लंघन

बता दें कि कश्मीर में शांति के लिए सेना द्वारा मुस्तैदी के बाद पाकिस्तान लगातार   नियंत्रण रेखा और बाकी सभी सेक्टरों पर  सीजफायर  का  उल्लंघन  करके गोलीबारी कर रहा था।  लोकसभा में दी गई जानकारी के अनुसार पाकिस्तान की ओर से 2020 में जम्मू क्षेत्र में नियंत्रण रेखा पर 5,133 बार सीजफायर का उल्लंघन किया गया। जिसमें 24 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए और 126 सुरक्षाकर्मी घायल हुए। वहीं 22 नागरिक मारे गए और 71 नागरिक घायल हुए।

इससे पहले 2018 में कुल 2140 युद्धविराम उल्लंघन की घटनाएं दर्ज हुई थी जिसमें 29 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए थे जबकि 116 सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे। वहीं इस दौरान 30 नागरिक मारे गए और 143 नागरिक घायल हुए थे। जबकि साल 2019 में युद्धविराम उल्लंघन का यह आंकड़ा बढ़कर 3479 पर पहुंच गया जिसमें कुल 19 जवान शहीद हुए जबकि 122 सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे। वहीं 18 नागरिक मारे गए और 127 घायल हुए थे।

 


More Related Posts

Scroll to Top