प्राकृतिक संसाधनों से प्राप्त स्वच्छ जल के इस्तेमाल की ओर भारत तेजी से कदम बढ़ा रहा है। सरकार ने हमेशा माना कि हमें एक साफ और हरित ग्रह बनाने की दिशा में काम करना चाहिए। इसके लिए प्राकृतिक संसाधनों के सदुपयोग पर विशेष बल दिया गया है। इस सिलसिले में सिक्किम सरकार ने एक साहसिक कदम उठाया है। दरअसल, 1 जनवरी 2022 से सिक्किम में बोतल बंद पानी पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।
प्राकृतिक संसाधनों के इस्तेमाल पर जोर
इस संबंध में सिक्किम के मुख्यमंत्री ‘प्रेम सिंह तमांग’ ने बीते 2 अक्टूबर को ”गाँधी जयंती” के अवसर पर बोतल बंद पानी पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य में ताजा और अच्छी गुणवत्ता वाला पेयजल प्रदान किया जाएगा। यानि सिक्किम देश का पहला ऐसा राज्य बन जाएगा, जहां बोतल बंद पानी पर प्रतिबंधित होगा। यह अन्य राज्यों के लिए मिसाल कायम करेगा। मुख्यमंत्री तमांग आगे कहते हैं कि राज्य में ताजा और अच्छी गुणवत्ता वाला पेयजल प्रदान किया जाएगा। प्रतिबंध लागू होने के बाद लोग प्राकृतिक संसाधनों से पानी का चुनाव करेंगे, जो प्लास्टिक की बोतलों में उपलब्ध पानी की तुलना में कहीं अधिक स्वास्थ्यवर्धक है। इसी के साथ मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने लोगों से प्राकृतिक संसाधनों के सदुपयोग का आह्वान किया।
गौरतलब हो देश का पूर्वोत्तर क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों और कुशल मानव संसाधन के बूते भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने में नेतृत्वकारी भूमिका अदा कर सकता है। यह क्षेत्र अर्थव्यवस्था के लिए ‘नए इंजन’ की तरह काम करेगा।
बोतलबंद पानी के बाजार का भारतीय परिदृश्य
बोतलबंद पानी 1,900 की शुरुआत में पश्चिमी देशों में और 1970 के दशक के मध्य में भारत में अस्तित्व में आया। बढ़ती स्वास्थ्य चिंताओं के कारण, स्वच्छ पेयजल की अनुपलब्धता के कारण बोतलबंद पानी की मांग में वृद्धि हुई है। लेकिन हाल ही में सिक्किम सरकार ने बोतलबंद पानी की जगह प्राकृतिक संसाधनों के पानी के इस्तेमाल पर जोर दिया है। मीडिया रिपोर्टों के मानें तो देश में पाउच में 200-250 मिली, बोतलों में 500 मिली, 1 लीटर, 2 लीटर, बैरल में 20-50 लीटर में पानी बेचा जा रहा है। साल 2018 में बोतलबंद पानी का बाजार 160 अरब रुपए तक पहुंच गया था। 1 लीटर की बोतल में बिकने वाले पानी ने 2018 में 42% बाजार की हिस्सेदारी पर कब्जा किया था।
भारत में बॉटलिंग इकाइयां
भारत में 6,000 से अधिक लाइसेंस प्राप्त वाटर बॉटलिंग सेटअप हैं। आज बाजार में लगभग 150 घरेलू भारतीय बोतलबंद पानी के ब्रांड हैं। भारत में प्रमुख ब्रांड बिसलेरी, किनले, बेली, एक्वाफिना, हिमालयन, रेल नीर, ऑक्सीरिच, वेदिका और टाटा वाटर प्लस हैं। बोतलबंद पानी के बाजार के करीब 40 प्रतिशत हिस्से की खपत पश्चिमी क्षेत्र में होती है, जबकि पूर्वी क्षेत्र में सिर्फ 10 प्रतिशत हिस्से की खपत होती है। बॉटलिंग संयंत्र देश के दक्षिणी भाग में स्थित हैं। कुल बॉटलिंग संयंत्रों में से 55% से अधिक चार दक्षिणी राज्यों में हैं।