भारतीय सेना लद्दाख के एलएसी से उत्तराखंड में लिपुलेख दर्रा तक एक स्कीइंग अभियान करने जा रही है| सेना देश की उत्तरी सीमाओं पर भारत के वैध दावों को सार्वजनिक और मजबूत करने के लिए पर्वतारोहण अभियानों के साथ-साथ अनुसंधान अध्ययनों पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में भारतीय सेना 3 मार्च से लद्दाख के काराकोरम दर्रे से स्कीइंग अभियान की शुरुआत कर रही है, जो उत्तराखंड में लिपुलेख दर्रा तक लगभग 1,500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
भारत – तिब्बत सीमा पर भारत चीन के बीच तनाव को देखते हुए सेना का यह अभियान महत्वपूर्ण है| सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने पिछले हफ्ते ही पूर्वी लद्दाख की सीमा पर समझौते के तहत हुई विस्थापन प्रक्रिया को 'न कोई हारा, न कोई जीता' की तर्ज पर दोनों देशों के लिए 'विजयी स्थिति ' करार दिया था।
देश की उत्तरी सीमाओं पर भारतीय क्षेत्र को हथियाने के लिए शुरू की गई चीन की विस्तारवादी नीति का सेना ने अतिरिक्त बलों और हथियारों की तैनाती करके प्रभावी ढंग से मुकाबला किया है। अब पर्वतारोहण और अन्य अभियानों के माध्यम से एकजुट होकर इन क्षेत्रों में भारत की उपस्थिति दिखाने की आवश्यकता है। क्षेत्रीय दावों को मजबूत करने के लिए वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) दोनों के साथ अनुसंधान अध्ययनों को बढ़ावा देने और उनके प्रकाशन को बढ़ावा देने की आवश्यकता महसूस की गई है। इसमें दस्तावेजीकरण, स्थानों की जियोटैगिंग और साक्ष्य-निर्माण भी शामिल होगा।
भारत – चीन की ओर से विस्थापन प्रक्रिया पूरी
भारतीय सेना यह स्कीइंग अभियान ऐसे समय में शुरू करने जा रही है जब पूर्वी लद्दाख में चीन से 10 महीने पुराने सैन्य टकराव के बाद दोनों देशों की सेनाओं ने फरवरी के मध्य में पैंगोंग झील के दोनों ओर विस्थापन प्रक्रिया पूरी की है। इसके बाद पूर्वी लद्दाख के अन्य विवादित क्षेत्र गोगरा, हॉट स्प्रिंग्स, डेमचोक और डेप्सांग मैदानों में विस्थापन प्रक्रिया शुरू करने के लिए भारत और चीन के सैन्य कमांडरों के बीच 20 फरवरी को 10वें दौर की वार्ता लगभग 16 घंटे तक हो चुकी है।
दोनों देशों का मानना है कि पैंगोंग झील क्षेत्र से सेनाओं की वापसी के बाद अन्य इलाकों के मुद्दों का भी समाधान करने का रास्ता निकलेगा। दोनों पक्ष महत्वपूर्ण सर्वसम्मति का पालन करने , संचार और संवाद जारी रख ने, जमीनी स्थिति को स्थिर और नियंत्रित कर ने पर सहमत हुए हैं। दोनों पक्ष शेष मुद्दों पर संयुक्त रूप से पारस्परिक रूप से स्वीकार्य समाधान निकालने को राजी हुए हैं ताकि सीमा क्षेत्रों में शांति बनी रहे।
‘विरासत में मिलीं चुनौतियां अभी पूरी तरह दूर नहीं हुई’
एल ए सी पर भारत – चीन परस्पर विस्थापन पर सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने कहा कि हमने अब तक जो हासिल किया है, वह बहुत अच्छा है और बहुत अच्छा परिणाम है। चीन के साथ हमारे संबंध उसी दिशा में विकसित होंगे जिसे हम विकसित करने की इच्छा रखते हैं, क्योंकि दो पड़ोसी सीमा पर शांति चाहते हैं, कोई भी अनिश्चित सीमाओं को नहीं चाहता है। जनरल नरवणे ने कहा कि लद्दाख मुद्दे से हमें अपनी अस्थिर सीमा की प्रकृति पर विचार करना चाहिए और क्षेत्रीय अखंडता के लिए चुनौतियों का सामना करना चाहिए। सेना प्रमुख ने यह भी कहा कि अभी भी नए खतरे मौजूद हैं, विरासत में मिलीं चुनौतियां पूरी तरह दूर नहीं हुई हैं।