जानें, कैसे ''सुकन्या समृद्धि योजना'' से लॉकडाउन में भी सुरक्षित हो रहा कन्याओं का भविष्य

हमारे देश में बेटियों को देवी का स्वरूप तक माना जाता है। कई लोगों का मानना है कि बेटियां पृथ्वी पर ईश्वर का सबसे बड़ा उपहार हैं क्‍योंकि वे हैं तभी सृष्‍टि की निरंतरता है अन्‍यथा मनुष्‍य का अतिस्‍व ही नहीं है। इसके बावजूद भारत में गिरता लिंगानुपात हर वर्ग के लिए लगातार चिंता का विषय बना रहा है। हालांकि आज भी कई माता-पिता अपनी बेटियों के जन्म लेने के बाद से ही कई सपने बुनने लगते हैं। कुछ माता-पिता की इच्‍छा रहती है कि वह अपनी बेटी का विवाह धूमधाम से करें। वहीं कुछ ऐसे भी हैं, जो अपनी बेटी को बहुत अच्छी शिक्षा देना चाहते हैं क्योंकि उनका मानना है कि ''पढ़ेगी बेटी तभी आगे बढ़ेगी बेटी''। लेकिन कई बार रुपयों की कमी ऐसे मां-बाप के सामने आ खड़ी होती है, जो उन्‍हें अपनी बेटी को अच्छा भविष्य देने से रोक देती है और यही वह बड़ा कारण है कि वे अपनी बच्‍ची को वह सुनहरा कल नहीं दे पाते, जिसका सपना उन्होंने देखा था। सुकन्या समृद्धि योजना बनी माता-पिता का सहारा वास्तव में हर मां-बाप चाहते हैं कि उनकी बेटी के भविष्य को संवारने के लिए बहुत सा फंड इकट्ठा कर लिया जाए, ताकि आगे चलकर बेटी को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो। वैसे महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरतों के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन उनमें भी लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार की ''सुकन्या समृद्धि योजना'' अब तक कि अत्यधिक सफलतम योजना साबित हुई है । आज यह योजना देश भर के माता-पिता का सहारा बन रही है इस प्रकार होती हैं सुकन्याएं समृद्ध सुकन्या समृद्धि योजना 22 जनवरी 2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आरंभ की गई । योजना के अंतर्गत बेटी के माता-पिता द्वारा बेटी के लिए बचत खाता किसी भी राष्ट्रीय बैंक में या फिर पोस्ट ऑफिस (डाकघर) में खोल सकते हैं । 'सुकन्या समृद्धि' बचत योजना में बेटी की उम्र 10 साल होने से पहले न्यूनतम 250 रुपये से 15 साल के लिए खाता खुलवाया जा सकता है। इसकी पॉलिसी 21 साल बाद मैच्योर होती है। कैसे करना है निवेश? इसमें 14 साल ही निवेश करना पड़ता है। इस योजना में निवेश का तीन गुना मुनाफा मिलता है। यह खाता देशभर में कहीं भी ट्रांसफर हो सकता है। योजना में अधिकतम डेढ़ लाख रुपये प्रतिवर्ष खाते में जमा कर सकते हैं। बेटी की उम्र 18 से 21 साल होने तक इसे जारी रख सकते हैं। पहले सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत 9.1 प्रतिशत की ब्याज दर थी, जो कि अब 7.6 फीसदी की ब्याज दर से ब्याज दिया जा रहा है। मान लीजिए कि अगर आप 14 साल तक 1.5 लाख रुपये (12,500 रुपये महीने) सालाना का निवेश करते हैं, तो 15वें साल में 40 लाख रुपये की राशि इसमें हो जाएगी, इसके बाद 40 लाख रुपये अगर नहीं निकाला जाए, तो यह 21वें साल में बढ़कर 65 लाख रुपये हो जाएगी, जिसका आपकी बेटी अपने हिसाब से अपने सुनहरे भविष्य के लिए उपयोग कर सकती है। केंद्र सरकार की योजना होने की वजह से निवेश करने वालों के पैसों की पूरी सुरक्षा रहती है । अकाउंट में जमा किए गए पैसों पर इनकम टैक्स की धारा 80 सी के तहत छूट भी मिलती है। कोरोना काल में घर बैठे ऑनलाइन कर कर सकते पैसा जमा अगर आपने अपनी बेटी का सुकन्या समृद्धि अकाउंट पहले ही खोल रखा है और कोरोना की वजह से आप पोस्ट ऑफिस या बैंक जाकर उसमें पैसे नहीं जमा कर पा रहे हैं, तो आपको अब बिल्कुल भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। अब आप ये काम घर बैठे ऑनलाइन कर कर सकते हैं। सुकन्या समृद्धि अकाउंट में पैसा जमा करने के लिए सबसे पहले अपने बैंक खाते से आईपीपीबी खाते में पैसे जोड़े। अब डीओपी प्रोडक्ट पर जाएं, यहां आपको सुकन्या समृद्धि खाता दिखाई देगा, उसे सेलेक्ट करें। अब अपना एसएसवाई अकाउंट नंबर और फिर डीओपी कस्टमर आईडी भरें। अब किस्त की अवधि और राशि चुनें। इसके बाद प्रोसेस पूरा करते ही पैसे सुकन्या समृद्धि खाते में चले जाएंगे। आईपीपीबी पोस्ट ऑफिस का मोबाइल एप्लीकेशन आप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। इसी प्रकार से आपको बैंक की साइट पर जाकर प्रयास करने हैं।


More Related Posts

Scroll to Top