संसद के मॉनसून सत्र का 19 जुलाई से होने जा रहा है, जो 13 अगस्त तक चलेगा। संसद दोनों सदनों की बैठक सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। मॉनसून सत्र का संचालन ठीक से हो सके इसके लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 18 जुलाई को सभी दलों के संसदीय दल के नेताओं की बैठक बुलाई है। इस सत्र में कुल 19 बैठकें आयोजित होंगी।
लोकसभा अध्यक्ष ने सोमवार को मानसून सत्र के आयोजन के लिए चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा सचिवालय के अधिकारियों को कुछ निर्देश भी दिए। तैयारियों का जायजा लेने के बाद संसद भवन परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कोरोना संक्रमण की दर में कमी आई है। लेकिन फिर भी सत्र के दौरान कोरोना संक्रमण से बचने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरा पालन किया जाएगा।
ज्यादातर संसद सदस्यों की दूसरी डोज पूरी
लोकसभा अध्यक्ष ने बताया कि ज्यादातर सांसदों ने टीकाकरण करा लिया है जबकि 311 सदस्यों ने कोरोना से बचाव के लिए टीके की दूसरी डोज भी ले ली है। वहीं, 23 सदस्य जो कोरोना संक्रमित हुए थे, उनको अभी टीका नहीं लगा है। उन्होंने आगे बताया कि 3-4 सदस्यों ने स्वास्थ्य कारणों से टीका नहीं लगवाया है।
वैक्सीन लगवा चुके सांसदों को भी कराना होगा आरटीपीसीआर टेस्ट
ओम बिरला ने कहा कि मानसून सत्र की कार्यवाही में हिस्सा लेने के लिए सदस्यों, संसद कर्मियों और मीडियाकर्मियों के लिए आरटीपीसीआर टेस्ट की व्यवस्था की गई है। हालांकि, जिसे टीके की दोनों डोज लग गई है, उनके लिए आरटीपीसीआर टेस्ट अनिवार्य नहीं है।
इसके साथ ही लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि जो सदस्य टीका नहीं लगवाएंगे उनसे वह व्यक्तिगत आग्रह करेंगे कि वह आरटीपीसीआर टेस्ट कराकर सदन में आएं।