भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में की गई सटीक और योजनाबद्ध कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत 100 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया है। इन आतंकवादियों में 1999 में हुए IC-814 विमान अपहरण और 2019 के पुलवामा आत्मघाती हमले से जुड़े मुख्य साजिशकर्ता भी शामिल थे। यह जानकारी सेना के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन्स (DGMO) लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने आज रविवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। लेफ्टिनेंट जनरल घई ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर की योजना 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद बनाई गई थी। उन्होंने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य आतंक के साजिशकर्ताओं को दंडित करना और उनके ठिकानों को खत्म करना था। भारत आतंकवाद को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं करता।”
DGMO के मुताबिक भारत की कार्रवाई में मारे गए आतंकवादियों में यूसुफ अजहर, अब्दुल मलिक रऊफ और मुदस्सिर अहमद जैसे घातक आतंकी शामिल थे। ये आतंकी IC-814 अपहरण और पुलवामा हमले में प्रत्यक्ष रूप से शामिल थे, जिसमें 40 सीआरपीएफ जवान शहीद हुए थे। भारतीय वायुसेना और नौसेना ने इस अभियान में अहम भूमिका निभाई। वायुसेना ने नौ आतंकवादी ठिकानों पर सटीक हमले किए, जबकि नौसेना ने अत्याधुनिक हथियारों की आपूर्ति की। वायुसेना ने पूरे अभियान के दौरान हवाई प्रभुत्व बनाए रखा।
घई ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से प्रतिक्रिया में नियंत्रण रेखा (LoC) का उल्लंघन किया गया, जिसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई की। पाकिस्तान की प्रतिक्रिया “भयभीत और असंतुलित” रही, जिसमें उनके हमलों में कई नागरिक क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों जैसे गुरुद्वारों को भी निशाना बनाया गया, जिससे आम नागरिकों की जानें गईं। DGMO ने बताया कि भारतीय कार्रवाई से पहले पाकिस्तान के कई आतंकी ठिकानों को खाली कर दिया गया था। उन्होंने कहा, “हमने सीमा पार आतंकी ढांचे का गहन मूल्यांकन किया। कई ठिकानों को पहले ही खाली कर दिया गया था, जिससे स्पष्ट है कि वे भारतीय जवाबी कार्रवाई से डर गए थे।” सरकार ने पाकिस्तान की तरफ हुए हताहतों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है। घोष ने दोहराया कि ऑपरेशन का उद्देश्य संख्या गिनना नहीं, बल्कि आतंकी नेटवर्क को खत्म करना था।
पाकिस्तान के हर सैन्य सिस्टम को खत्म करने की क्षमता भारत के पास : एयर मार्शल ए.के.भारती
एयर मार्शल ए.के. भारती ने आज रविवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि भारत के पास पाकिस्तान के सभी सैन्य ठिकानों और सिस्टम को पूरी तरह से निशाना बनाने की क्षमता है। यह बयान हाल ही में चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद आया है, जिसमें भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकियों के अड्डों पर सटीक हमले किए। इस ऑपरेशन में मुजफ्फराबाद, कोटली और बहावलपुर सहित कुल 9 ठिकानों पर हमले किए गए जो आतंकियों के ट्रेनिंग और लॉन्चिंग सेंटर माने जाते थे।
एयर मार्शल भारती ने कहा कि भारतीय वायुसेना की यह कार्रवाई एक सोच-समझकर लिया गया और संतुलित जवाब था, जिसका मकसद दुश्मन को कड़ा संदेश देना और क्षेत्र में तनाव को और नहीं बढ़ाना था। उन्होंने यह साफ किया कि हमलों में सिर्फ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया और नागरिक इलाकों को जानबूझकर नुकसान से बचाया गया।उन्होंने बताया कि 8 और 9 मई की रात पाकिस्तान ने श्रीनगर और नलिया जैसे भारतीय शहरों पर ड्रोन से हमला करने की कोशिश की लेकिन भारतीय वायु रक्षा प्रणाली पूरी तरह सतर्क थी और सभी ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया गया।इसके जवाब में भारत ने पाकिस्तान के एयरबेस, कमांड सेंटर, सैन्य ढांचे और वायु रक्षा प्रणालियों को निशाना बनाते हुए सटीक हमले किए। जिन प्रमुख ठिकानों पर हमले किए गए, उनमें चकलाला, रफीकी, रहीम यार खान, सरगोधा, भुलारी और जैकबाबाद शामिल हैं।
एयर मार्शल भारती ने कहा कि भारत ने यह हमला यह दिखाने के लिए किया कि वह किसी भी प्रकार की आक्रामकता को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत ने इस कार्रवाई में रणनीतिक संयम दिखाया है लेकिन साथ ही अपनी सैन्य क्षमताओं का ठोस प्रदर्शन भी किया है।