जनता को मुझसे मिलने के लिए अपने साथ खोजकर किसी को लाने की जरूरत नहीं - सिग्रीवाल

महाराजगंज लोकसभा (Maharajganj Loksabha) क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल (Janardan Singh Sigriwal) का कहना है कि महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र की जनता को अपने सांसद से मिलने के लिए किसी को खोज कर अपने साथ लाने की जरूरत नहीं है। जनता से उनका संवाद सीधा है|

nitipost.com को दिए साक्षात्कार में सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने बताया कि उनके लिए बड़ी बात यह है कि क्षेत्र के लोगों का अपने लोकसभा प्रतिनिधि के ऊपर विश्वास जगा है। लोगों के अंदर यह विश्वास जगा है कि अगर वह अपने सांसद के पास जाएंगे तो वह हमारा बात सुनेगा और वह हमारे काम को करने का प्रयास करेगा। सांसद के ऊपर यह विश्वास होना सबसे बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि पहले क्या होता था इस पर मैं कोई टीका टिप्पणी नहीं करूंगा यह तो क्षेत्र की जनता बताती है।

उन्होंने कहा कि उनके एवं क्षेत्र की जनता के बीच कोई माध्यम नहीं है। हमारा संबंध मैन टू मैन है। जनता सीधे आकर मिल कर अपनी बात सीधे अपने सांसद से कर सकती है। मुझसे मिलने के लिए किसी को खोजकर अपने साथ लाने की जरूरत नहीं है।

महाराजगंज क्षेत्र के विकास को लेकर किए गए कार्य एवं योजनाओं के बारे में बात करते हुए जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि 2014 में जब वह सांसद बने तब क्षेत्र की सड़कों की हालत ठीक नहीं थी।

छपरा - सिवान को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 531 की हालत बहुत खराब थी। उन्होंने प्रयास कर लगभग 800 करोड़ की लागत से उस सड़क को ठीक करवाया। उसी तरह माझी - बरौली मार्ग जो एकमा, महाराजगंज, अफराद होते हुए जाता है, को राष्ट्रीय राजमार्ग की मान्यता दिलाई, जिस पर लगभग 200 करोड़ रुपए की लागत से तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है तथा यह बहुत जल्द संपन्न हो जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग 331 जो छपरा से जलालपुर बनियापुर होते हुए महमदपुर तक जाता है की हालत बहुत ही खराब थी। सड़क में गड्ढा या गड्ढे में सड़क है समझ नहीं आता था। लगभग 500 करोड रुपए की लागत से उस सड़क का निर्माण कार्य पूरा हुआ है। सिवान - महाराजगंज - पैगंबरपुर सड़क का निर्माण भी मजबूती से हो रहा है। छपरा - मसरख मार्ग का निर्माण हुआ है। एकमा – मसरख सड़क का निर्माण भी हो रहा है।

अयोध्या से जनकपुर के बीच बन रहे राम जानकी पथ का बड़ा हिस्सा महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र से गुजरता है। इससे धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ दिल्ली तक सड़क मार्ग से आना जाना आसान हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से हजारों प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार का अवसर प्राप्त होगा तथा विकास को रफ्तार मिलेगा।

सिग्रीवाल ने कहा कि इसके अलावा ग्रामीण सड़कों की स्थिति में भी काफी सुधार हुआ है। जिससे लोगों का आना जाना आसान हुआ है। उन्होंने कहा कि जब मैं सांसद बना तो सैकड़ों गांव ऐसे थे जहां बिजली नहीं पहुंची थी। आज प्रत्येक गांव में बिजली पहुंच चुकी है।

क्षेत्र में कई जगह होने वाले जलजमाव की स्थिति से भी निजात दिलाने की कोशिश किया जा रहा है। आगे उन्होंने कहा कि महाराजगंज मशरख रेल रूट मेरे द्वारा लगातार किए गए अथक प्रयासों का ही परिणाम है। सांसद सिग्रीवाल का कहना है कि क्षेत्र में कृषि एवं मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए भी अथक प्रयास किए जा रहे हैं।

पूरी विस्तृत जानकारी के लिए देखें जनार्दन सिंह सिग्रीवाल का पूरा साक्षात्कार

 


More Related Posts

Scroll to Top