प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में करीब 9,600 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने उर्वरक संयंत्र, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के क्षेत्रीय केन्द्र के नए भवन की तीन प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने 36 करोड़ की लागत से बाबा राघवदास (बीआरडी) मेडिकल कालेज में तैयार रीजनल मेडिकल रीसर्च सेंटर का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने यहां केंद्र और राज्य में सरकार को विकास का पर्याय बताया और कहा कि जब डबल इंजन की सरकार होती है, तो दोगुनी तेजी से काम होता है।
देव आनंद का उत्सव मना रहा है पूर्वांचल : CM योगी
इस मौके पर फर्टिलाइजर मैदान में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम मोदी को अपने बीच पाकर पूर्वांचल देव आनंद का उत्सव मना रहा है। जिस काम को पूर्व की सरकारों ने नामुमकिन बनाया था, आज उसे अपने नाम के अनुरूप ”मोदी है तो मुमकिन है”, के आधार पर संभव कर दिखाया है।
5 साल पहले मैं यहां एम्स और खाद कारखाने का शिलान्यास करने आया था: PM मोदी
वहीं पीएम मोदी ने संबोधन में कहा 5 साल पहले मैं यहां एम्स और खाद कारखाने का शिलान्यास करने आया था। आज इन दोनों का एक साथ लोकार्पण करने का सौभाग्य भी आपने मुझे ही दिया है। ICMR के रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर को भी आज अपनी नई बिल्डिंग मिली है। मैं यूपी के लोगों को बधाई देता हूं।
डबल इंजन की सरकार तेजी से करती है काम
पीए मोदी ने कहा, जब डबल इंजन की सरकार होती है, तो डबल तेजी से काम भी होता है। जब नेक नीयत से काम होता है, तो आपदाएं भी अवरोध नहीं बन पातीं। जब गरीब-शोषित-वंचित की चिंता करने वाली सरकार होती है, तो वो परिश्रम भी करती है, परिणाम भी लाकर दिखाती है। हमने यूरिया का गलत इस्तेमाल रोका, यूरिया की 100% नीम कोटिंग की। हमने करोड़ों किसानों को soil health card दिए ताकि उन्हें पता चल सके उनके खेत को किस तरह की खाद की जरूरत है। हमने यूरिया के उत्पादन को बढ़ाने पर जोर दिया। बंद पड़े fertilizer plants को फिर से खोलने पर ताकत लगाई।
बीते 7 वर्षों में 16 नए एम्स बनाने पर देशभर में चल रहा काम
पीएम मोदी ने कहा, मैं आज योगी जी सरकार की इस बात के लिए सराहना करूंगा कि उन्होंने गन्ना किसानों के लिए बीते सालों में अभूतपूर्व काम किया है।गन्ना किसानों के लिए लाभकारी मूल्य, हाल में साढ़े 3 सौ रुपए तक बढ़ाया है। पहले की 2 सरकारों ने 10 साल में जितना भुगतान गन्ना किसानों को किया था लगभग उतना योगी जी की सरकार ने अपने साढ़े 4 साल में किया है। आजादी के बाद से इस सदी की शुरुआत तक देश में सिर्फ 1 एम्स था। अटल जी ने 6 और एम्स स्वीकृत किए थे। बीते 7 वर्षों में 16 नए एम्स बनाने पर देशभर में काम चल रहा है। हमारा लक्ष्य ये है कि देश के हर जिले में कम से कम एक मेडिकल कॉलेज जरूर हो।
गोरखपुर का फर्टिलाइजर प्लांट, इस पूरे क्षेत्र के किसानों के लिए कितना जरूरी
आगे जोड़ते हुए उन्होंने कहा, सब जानते थे कि गोरखपुर का फर्टिलाइजर प्लांट, इस पूरे क्षेत्र के किसानों के लिए, यहां रोजगार के लिए कितना जरूरी था। लेकिन पहले की सरकारों ने इसे शुरू करवाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। सब जानते थे कि गोरखपुर में एम्स की मांग बरसों से हो रही थी। लेकिन 2017 से पहले जो सरकार चला रहे थे, उन्होंने एम्स के लिए जमीन देने में हर तरह के बहाने बनाए। आज पूरा यूपी भली-भांति जानता है कि लाल टोपी वालों को लाल बत्ती से मतलब रहा है, आपकी दुख-तकलीफों से नहीं। लाल टोपी वालों को सत्ता चाहिए, घोटालों के लिए, अपनी तिजोरी भरने के लिए, अवैध कब्जों के लिए, माफियाओं को खुली छूट देने के लिए। लाल टोपी वालों को सरकार बनानी है, आतंकवादियों पर मेहरबानी दिखाने के लिए, आतंकियों को जेल से छुड़ाने के लिए। और इसलिए, याद रखिए, लाल टोपी वाले यूपी के लिए रेड अलर्ट हैं यानि खतरे की घंटी।
‘हमारी सरकार ने सरकारी गोदाम गरीबों के लिए खोल दिए’
आज हमारी सरकार ने सरकारी गोदाम गरीबों के लिए खोल दिए हैं और योगी जी हर घर अन्न पहुंचाने में जुटे हैं। इसका लाभ यूपी के लगभग 15 करोड़ लोगों को हो रहा है। हाल ही में पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना को, होली से आगे तक के लिए बढ़ा दिया गया है। पहले की सरकारों ने अपराधियों को संरक्षण देकर यूपी का नाम बदनाम कर दिया था। आज माफिया जेल में हैं और निवेशक दिल खोल कर यूपी में निवेश कर रहे हैं। यही डबल इंजन का डबल विकास है। इसलिए डबल इंजन की सरकार पर यूपी को विश्वास है
एम्स गोरखपुर की बात करें तो यह राज्य में स्वास्थ्य की ढांचागत सुविधाएं को मजबूत करने का काम करेगा तो वहीं भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के क्षेत्रीय केन्द्र ने दिमागी बुखार से पीड़ित लोगों का इलाज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।