पीएम मोदी ने की कई योजनाओं का उद्घाटन, सीएम योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ

अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1500 करोड़ से भी अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय BHU में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की| प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पूरे देश में कोरोना की सबसे ज्यादा टेस्टिंग करने वाला राज्य है। कोरोना की दूसरी लहर को यूपी ने बहुत अच्छी तरह से संभाला है। कोरोना वायरस के बदलते और खतरनाक रूप ने पूरी ताकत के साथ हमला किया था, लेकिन काशी सहित यूपी ने पूरे सामर्थ्य के साथ इतने बड़े संकट का मुकाबला किया। ऐसे में, कोरोना से निपटने में उत्तर प्रदेश के प्रयास उल्लेखनीय हैं, हमें इनकी सराहना करनी चाहिए।

काशी पूर्वांचल का बहुत बड़ा मेडिकल हब बन रही है

पीएम मोदी ने कहा कि अभी यूपी में करीब 550 ऑक्सीजन प्लांट्स बनाने का काम तेजी से चल रहा है। आज बनारस में 14 ऑक्सीजन प्लांट्स का लोकार्पण भी किया गया है। काशी नगरी अब पूर्वांचल का बहुत बड़ा मेडिकल हब बन रही है। जिन बीमारियों के इलाज के लिए कभी दिल्ली और मुंबई जाना पड़ता था, उनका इलाज आज काशी में भी उपलब्ध है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि काशी की, मां गंगा की, स्वच्छता और सुंदरता, हम सभी की आकांक्षा भी है और प्राथमिकता भी है। इसके लिए सड़क हो, सीवेज ट्रीटमेंट हो, पार्कों और घाटों का सुंदरीकरण हो, ऐसे हर मोर्चे पर काम हो रहा है। शहर में जगह-जगह बड़ी-बड़ी LED स्क्रीन्स लग रही हैं। इन स्क्रीन्स पर बाबा विश्वनाथ की आरती एवं गंगा आरती का सीधा प्रसारण होगा| घाटों पर टेक्नॉलॉजी से लैस इन्फॉर्मेशन बोर्ड लग रहे हैं। ये काशी आने वालों की बहुत मदद करेंगे। काशी के इतिहास, वास्तु, शिल्प, कला, ऐसी हर जानकारी को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करने वाली ये सुविधाएं श्रद्धालुओं के काफी काम आएंगी।

अब यूपी में कानून का राज

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज यूपी में कानून का राज है। माफियाराज और आतंकवाद, जो कभी बेकाबू हो रहे थे, उन पर अब कानून का शिकंजा है। बहनों-बेटियों की सुरक्षा को लेकर मां-बाप हमेशा जिस तरह डर और आशंकाओं में जीते थे, वो स्थिति भी अब बदली है। यूपी में सरकार आज भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के बजाय विकासवाद से चल रही है। आज यूपी में जनता की योजनाओं का लाभ सीधा जनता को मिल रहा है। इसीलिए, आज यूपी में नए-नए उद्योगों का निवेश हो रहा है, रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।

यूपी बनेगा अब आधुनिक यूपी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऐसा नहीं है कि 2017 से पहले यूपी के लिए योजनाएं नहीं थीं। 2014 में जब मुझे सेवा करने का मौका मिला तब भी दिल्‍ली से इतने ही प्रयास होते थे, जितने आज होते हैं, लेकिन तब लखनऊ में उनमें रोड़ा लग जाता था। योगी जी खूब मेहनत कर रहे हैं। काशी के लोग देखते हैं कि योगी जी खूब ऊर्जा लगाकर कामों को गति देते हैं। हर जिले में सीएम जाते हैं, यही वजह है कि यूपी में बदलाव के यह प्रयास आज आधुनिक यूपी बनाने में राज्य को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं।

 


More Related Posts

Scroll to Top