देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को देशभर के मुख्यमंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक की और कहा की देश 'कोरोना की उभरती हुई "सेकेंड पीक" तुरंत रोकना होगा'। गौरतलब है की पिछले कुछ दिनों में महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में कोरोना के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इसके मद्देनजर प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्रियों के साथ इस मुद्दे पर विचार-विमर्श के लिए बुधवार को यह बैठक बुलाई। इस बैठक के दौरान उन्होंने राज्यों में चल रहे टीकाकरण और उसकी स्थिति की भी जानकारी ली।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा की कोरोना के खिलाफ देश की लड़ाई को अब एक साल से ज्यादा हो रहा है। इस दौरान भारत के लोगों ने जिस तरह मुकाबला किया है उसकी दुनिया में उदाहरण के रूप में चर्चा हो रही है। आज भारत में 96 प्रतिशत से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना मृत्यु दर के मामले भी भारत सबसे कम है।
प्रधानमंत्री ने कहा, दुनिया के अधिकांश कोरोना प्रभावित देश ऐसे हैं जिन्हें कोरोना की कई वेव्स का सामना करना पड़ा है। हमारे देश में भी केस कुछ कम होने के बाद अचानक से वृद्धि होने लगी है। अब इन पर फिर से विशेष चिंता करने की जरूरत है। महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में केस पॉजिट्विटि रेट बहुत ज्यादा है और कोरोना का मामलों की सख्यां भी लगातार बढ़ रही है। इस बारे में कई ऐसे इलाकों और जिलों में भी ये वृद्धि देखने को मिल रही है जो अभी तक अपने आपको बचाए हुए थे। देश के 70 जिलों में पिछले कुछ हफ्तों में यह वृद्धि 150 प्रतिशत से भी ज्यादा है। अगर हम इस बढ़ती हुई महामारी को यही नहीं रोकेंगे तो देशव्यापी आउटब्रेक की स्थिति बन सकती है।
कोरोना की उभरती हुई इस "सेकेंड पीक" तुरंत रोकना होगा
प्रधानमंत्री ने कहा की हमें कोरोना की इस उभरती हुई "सेकंड पीक" को तुरंत रोकना होगा। इसके लिए हमें निर्णायक कदम उठाने होंगे। कई जगह देखने को मिल रहा है कि मास्क को लेकर अब स्थानीय प्रशासन द्वारा भी उतनी गंभीरता नहीं दिखाई जा रही। मेरा आग्रह है कि स्थानीय स्तर पर गवर्नेंस को लेकर जो भी दिक्कत हैं उनकी पड़ताल व समीक्षा की जानी और उन दिक्कतों को सुलझाया जाना वर्तमान में बेहद आवश्यक है।