प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Modi) ने रविवार को इंडिया गेट (India Gate) पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की होलोग्राम प्रतिमा (hologram statue of Netaji) का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा स्वतंत्रता संग्राम के महानायक के प्रति राष्ट्र की श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि नेताजी की प्रतिमा न केवल हमें राष्ट्र के प्रति हमारे दायित्वों का स्मरण कराएगी बल्कि आने वाली पीढ़ियों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रेरित भी करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की धरती पर पहली स्वतंत्र सरकार की स्थापना करने वाले नेताजी की यह महान प्रतिमा इंडिया गेट के निकट डिजिटल रूप में स्थापित की जा रही है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही होलोग्राम प्रतिमा के स्थान पर ग्रेनाइट की भव्य प्रतिमा लगाई जाएगी। यह लोकतांत्रिक संस्थानों और वर्तमान व भविष्य की पीढि़यों को उनके कर्तव्यों की याद दिलाएगी और उन्हें प्रेरणा देगी। होलोग्राम प्रतिमा 28 फीट ऊंची और छह फीट चौड़ी है।
प्रधानमंत्री ने नेताजी का वह कथन याद दिलाया, जिसमें वे कहा करते थे कि भारत की स्वतंत्रता के सपने पर विश्वास कभी कम नहीं होने देना चाहिए। उनका कहना था कि दुनिया में कोई ताकत भारत को नहीं हरा सकती। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हमारे समक्ष स्वतंत्र भारत के सपने पूरे करने का लक्ष्य है और हमें नए भारत का निर्माण करना है। यह सपना आजादी के सौ वर्ष पूरे होने से पहले पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव का लक्ष्य भारत की पहचान और प्रेरणाओं को बहाल करना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, 'भारत के स्वतंत्रता संघर्ष में लाखों लोगों का बलिदान शामिल है, लेकिन उनके इतिहास को सीमित करने के प्रयास किए गए। स्वतंत्रता के दशकों बाद आज देश उन गलतियों को सुधार रहा है।'