7वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां शुरू, 100 दिनों तक आयोजित होंगे कई कार्यक्रम

युवा मामले और खेल राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार व अतिरिक्त प्रभारी आयुष राज्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सातवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले 100 दिन के काउंटडाउन की शुरुआत की। इसके तहत देश भर में अगले 100 दिनों तक योग से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

21 जून 2014 से हुई अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाए जाने की शुरुआत

मोरारजी देसाई योग संस्थान में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि दुनिया भर में पूरे जोर-शोर से मनाए गए विश्व योग दिवस ने भारत की सॉफ्ट पावर को मजबूती दी है। भारत की पहल पर विश्व में अब 21 जून को योग दिवस मनाया जाने लगा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग के महत्व व शक्तियों से दुनिया को अवगत कराया। जिसके कारण विश्व में 21 जून 2014 से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाए जाने की शुरुआत हुई। इसबार 7वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भी अनेक कार्यक्रमों की रूप रेखा तैयार की गई है।

रिजिजू ने कहा कि कोरोना काल में योग ने सिद्ध किया कि जो लोग योग करते रहे वे इस संक्रमण से बचे रहे या फिर इससे उबर पाने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि कोरोना हो या न हो अपने जीवन को ठीक करने के लिए योग सबसे बड़ी दवाई है, जो लोग योग करते हैं वो संतुलित रहते हैं। बिना खर्च किए योग से निरोगी काया पा सकते हैं तथा तनाव रहित रह सकते हैं। योग की शक्ति का कोई अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट में योग का योगदान बहुत बड़ा है। आधे लोग तो फिट हो गए हैं बाकी लोगों को भी इस अभियान से जोड़ना है। इस मौके पर सामान्य योग प्रोटोकॉल का प्रदर्शन भी किया गया और मोरारजी देसाई योग संस्थान की पुस्तिका को भी जारी किया गया।

 


More Related Posts

Scroll to Top