सोमवार से शुरू हुए कोरोना टीकाकरण अभियान के दूसरे चरण में अब आम जनता को भी कोरोना का टिका लगाने की शुरुआत हो गई है। देश में चल रहे कोरोना टीकाकरण अभियान को लेकर जनता में भरोसा मजबूत करने के उद्देश्य से सुबह सुबह सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के एम्स में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। उन्होंने भारत बायोटेक की कोवैक्सीन की डोज ली।
प्रधानमंत्री मोदी ने खुद ट्वीटर पर इसकी जानकारी दी तथा सभी देशवासियों से भारत को कोरोना मुक्त करने में योगदान देने की अपील की।
Took my first dose of the COVID-19 vaccine at AIIMS.
— Narendra Modi (@narendramodi) March 1, 2021
Remarkable how our doctors and scientists have worked in quick time to strengthen the global fight against COVID-19.
I appeal to all those who are eligible to take the vaccine. Together, let us make India COVID-19 free! pic.twitter.com/5z5cvAoMrv
उन्होंने कहा, "हमारे चिकित्सकों और वैज्ञानिकों ने बहुत कम समय में कोरोना के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने का काम किया है। आइए हम सभी साथ मिलकर भारत को कोरोना मुक्त करने में योगदान दें।"
प्रधानमंत्री सोमवार सुबह तकरीबन साढ़े छह बजे दिल्ली के एम्स अस्पताल में पहुंचे और उन्होंने भारत बायोटेक की कोवैक्सीन की पहली खुराक ली। पुडुचेरी की सिस्टर पी. निवेदा ने वैक्सीन लगायी।
देशभर में दूसरे चरण का कोरोना टीकाकरण अभियान सोमवार से शुरू हो गया है। इस चरण में साठ साल से अधिक उम्र के लोगों और 49-59 साल के उन लोगों के लिए टीकाकरण की शुरूआत हुई है जो गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हैं।