भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच अनौपचारिक कूटनीतिक मंच क्वाड की पहली शिखर वार्ता (Quad summit) का आयोजन शुक्रवार 12 मार्च को होगा। कोरोना महामारी के चलते क्वाड का पहला शिखर सम्मेलन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगा| इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi), अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन (President Joe Biden), जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा (Prime Minister Yoshihida Suga) और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरीसन (Prime Minister Scott Morrison) शामिल होंगे।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने क्वाड शिखर वार्ता की पुष्टि करते हुए कहा कि इस दौरान चारों विश्व नेता समान हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। मंत्रालय के अनुसार, नेता मुक्त और समावेशी भारत प्रशांत क्षेत्र कायम रखने के लिए लिए सहयोग के व्यवहारिक उपायों पर चर्चा करेंगे। इस बैठक में मौजूदा समय में आपूर्ति श्रृंखला सुनिश्चित करने, अत्याधुनिक और सर्वाधिक महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी, नौवहन सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन जैसी समसामयिक चुनौतियों व विषयों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
क्वाड के नेता कोरोना महामारी का मुकाबला करने और भारत-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षित, सर्वसुलभ वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए सहयोग के उपायों पर भी चर्चा करेंगे।
भारत-प्रशांत क्षेत्र के इस महत्वपूर्ण गुट के विदेश मंत्री पिछले दिनों वार्ता कर चुके हैं। शिखर वार्ता का यह पहला अवसर है। कूटनीति और रक्षा विशेषज्ञ क्वाड को एशिया में चीन के बढ़ते हुए असर को काबू में रखने का एक उपाय मानते हैं। दक्षिणी चीन सागर, हांगकांग, जापान और वियतनाम के समुद्री क्षेत्र, शिंजियांग और पूर्वी लद्दाख में चीन की आक्रामक गतिविधियों के कारण क्वाड देशों के बीच विचार-विमर्श और सहयोग उच्च स्तर पर पहुंच गया है।