भारतीय जनता पार्टी की नेता रेखा गुप्ता ने गुरुवार को रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। आज समारोह में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिपरिषद को पद की शपथ दिलाई। प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह सहित छह अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहा। समारोह में भाग लेने के लिए केंद्रीय मंत्री और कई राज्यों के सीएम समेत कई पार्टी नेता मौजूद थे।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन अलग-अलग मंच तैयार किए गए। मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराज्यपाल वीके सक्सेना, मनोनीत मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सहयोगी सदस्य, और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम भी उपस्थित रहे। दूसरे मंच पर धर्मगुरुओं और विशिष्ट अतिथि मौजूद थे, जबकि तीसरे मंच पर संगीत कार्यक्रम से जुड़े कलाकार मौजूद थे।
विभिन्न संगठनात्मक क्षमताओं और एक पार्षद के रूप में दिल्ली की सेवा करने वाली रेखा गुप्ता राष्ट्रीय राजधानी के मुद्दों और समस्याओं से परिचित हैं। बुधवार शाम विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता को सीएम चुना गया था। सीएम चुने जाने के बाद पहली बार मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “पीएम मोदी ने जो दिल्ली की जनता के लिए विजन दिया है, उसे पूरा करना मेरी प्राथमिकता होगी। पीएम मोदी का तहे दिल से आभार जताना चाहती हूं कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि यह देश की हर मां-बेटी का सम्मान है।”
वहीं, शपथ ग्रहण समारोह से पहले मीडिया से बातचीत में रेखा गुप्ता ने कहा, “यह सभी 48 विधायकों की सामूहिक जिम्मेदारी है कि दिल्ली को वह मिले जिसकी वह वास्तव में हकदार है। देश की राजधानी होने के नाते दिल्ली को न केवल सुशासन मिलना चाहिए, बल्कि भारत में नंबर एक शहर के रूप में भी उभरना चाहिए।”
रेखा गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार चुनाव प्रचार के दौरान किए गए वादों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि हमने दिल्ली की जनता से जो भी वादे किए हैं, उन्हें हर कीमत पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने महिलाओं के कल्याण पर अपनी पार्टी के फोकस को भी दोहराया। रेखा ने कहा, “हमने अपनी बहनों से जो वादा किया था, उसे पूरा किया जाएगा।
दिल्ली कैबिनेट में विभागों का बंटवारा, पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान योजना को मंजूरी
दिल्ली में गुरुवार को भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद देर शाम मंत्रियों के विभागों का बंटवारा हो गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने पास वित्त, राजस्व और विजिलेंस समेत कई प्रमुख विभाग रखे हैं। रेखा गुप्ता ने अपने पास वित्त, योजना, सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी), महिला एवं बाल विकास, सेवाएं, राजस्व, भूमि एवं भवन, सूचना एवं जनसंपर्क, विजिलेंस और प्रशासनिक सुधार विभाग रखे हैं। साथ ही, वह उन विभागों की भी जिम्मेदारी संभालेंगी, जिन्हें किसी को आवंटित नहीं किया गया है।
वहीं दिल्ली में गुरुवार को शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में पहली कैबिनेट बैठक हुई। दिल्ली सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान योजना को मंजूरी दी गई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कैबिनेट के फैसलों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैबिनेट मीटिंग हुई, उसमें हमने मुख्यतः दो बड़े एजेंडे पर चर्चा करते हुए उन्हें पास किया। दिल्ली में आयुष्मान योजना को हमने सर्वसम्मति से पारित किया है। इसके तहत 5 लाख का टॉपअप दिल्ली सरकार और 5 लाख केंद्र सरकार देगी, जो कि जल्द ही लागू किया जाएगा।
प्रवेश साहिब सिंह वर्मा को पीडब्ल्यूडी, विधायी मामले, अलावासूचना एवं वित्त आयोग, जल और गुरुद्वारा चुनाव विभाग मिले हैं। आशीष सूद को गृह, बिजली, शहरी विकास, शिक्षा, उच्च शिक्षा, प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षा विभागों की जिम्मेदारी मिली है। मनजिंदर सिंह सिरसा को उद्योग, खाद्य आपूर्ति, वन एवं पर्यावरण और योजना विभाग मिले हैं। रविंद्र सिंह इंद्राज को समाज कल्याण, एससी/एसटी वेलफेयर, कॉरपोरेशन, इलेक्शंस विभाग मिले हैं। कपिल मिश्रा को विधि एवं न्याय, श्रम एवं रोजगार, विकास, कला एवं संस्कृति, भाषा और पर्यटन विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही, डॉ. पंकज कुमार सिंह को स्वास्थ्य, परिवहन और सूचना तकनीक विभाग दिए गए हैं।
उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके कैबिनेट सहयोगियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री भी उपस्थित रहे। भारतीय जनता पार्टी 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापस आई है। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं।