तकनीक सामान्य नागरिक को सशक्त और देश को आत्मनिर्भर बनाने का प्रमुख आधार: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट के बाद के वेबिनार की श्रृंखला में सातवें वेबिनार को संबोधित किया। इसके तहत ‘प्रौद्योगिकी-सक्षम विकास’ शीर्षक से आयोजित वेबिनार में भारत सरकार की दृष्टि और लक्ष्य को साक्षा करते हुये उक्त बातें कहीं। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि सरकार के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी कोई अकेला क्षेत्र नहीं है। हमारे लिए तकनीक देश के सामान्य से सामान्य नागरिक को सशक्त करने के साथ देश को आत्मनिर्भर बनाने का प्रमुख आधार है।

विकास योजना अत्याधुनिक तकनीक पर निर्भर

पीएम ने कहा कि हमारी सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी सिर्फ आइसोलेटेड सेक्टर नहीं है। आज आर्थिक क्षेत्र में हमारा विजन डिजिटल इकोनॉमी और फिनटेक जैसे आधार से जुड़ा है। इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी हमारी विकास योजना अत्याधुनिक तकनीक पर निर्भर है।

पीएम ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के महत्व को रेखांकित करने के लिए राष्ट्रपति बिडेन के नवीनतम संबोधन की बात की क्योंकि संयुक्त राज्य अमेरिका जैसे विकसित देश भी इस बारे में बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “उभरती हुई नई वैश्विक प्रणालियों के आलोक में, यह महत्वपूर्ण है कि हम आत्मनिर्भर भारत पर ध्यान केंद्रित करते हुए आगे बढ़ें।”

बजट में नई तकनीक पर पर जोर

पीएम मोदी ने आगे कहा, “आज हम तेजी से घरों का निर्माण कर रहे हैं। रेल, सड़क और जल मार्ग के साथ-साथ ऑप्टिकल फाइबर पर भी अभूतपूर्व निवेश हो रहा है। इसमें और गति लाने के लिए ‘पीएम गतिशक्ति’ के विजन के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं।” उन्होंने कहा कि इस विजन को तकनीक से कैसे मदद मिल सकती है, इस पर हमें काम करना होगा।

पीएम मोदी ने कहा कि इस बार हमारे बजट में नई तकनीक पर पर खास जोर दिया गया है। आर्टिफिशल इंटेलिजेंस के साथ-साथ जियो स्पेशल सिस्टम, ड्रोन से लेकर सेमी कंडक्टर और स्पेस तकनीक, क्लीन टेक्नोलॉजी से लेकर 5जी तक देश की प्राथमिकता में हैं।

एनिमेशन विजुअल इफेक्ट्स गेमिंग कॉमिक पर फोकस

गेमिंग के लिए बढ़ते वैश्विक बाजार पर ध्यान देते हुए, पीएम ने कहा कि बजट में एनिमेशन विजुअल इफेक्ट्स गेमिंग कॉमिक (एवीजीसी) पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इसी तरह उन्होंने खिलौनों को भारतीय परिवेश और जरूरतों के अनुकूल बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। संचार केंद्रों और फिनटेक की केंद्रीयता पर जोर देते हुए, उन्होंने दोनों के लिए कम विदेशी निर्भरता वाले स्वदेशी पारिस्थितिकी तंत्र पर जोर दिया।

पीएम ने निजी क्षेत्र को भू-स्थानिक डेटा के उपयोग के लिए नियमों में बदलाव और सुधार के कारण सामने आए कई अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का भी आह्वान किया। पीएम ने कहा कि “कोविड के समय में दुनिया ने हमारी आत्मनिर्भरता से लेकर वैक्सीन उत्पादन तक हमारी विश्वसनीयता को देखा है। हमें इस सफलता को हर क्षेत्र में दोहराना है”।

स्टार्टअप्स को सरकार का साथ

उन्होंने आगे कहा कि आज भारत के पास दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा और तेजी से आगे बढ़ता स्टार्ट-अप ईको-सिस्टम है। अपने सभी स्टार्टअप्स को भरोसा देता हूं कि सरकार उनके साथ पूरी शक्ति के साथ खड़ी है। बजट में युवाओं की स्किलिंग, रि-स्किलिंग और अप-स्किलिंग के लिए पोर्टल का प्रावधान भी रखा गया है।

फिनटेक में भी भारत ने कमाल किया

फिनटेक की चर्चा करते हुये पीएम मोदी ने कहा कि पहले लोग यह मानते थे कि फिनटेक हमारा देश कैसे आगे बढ़ेगा। लेकिन फिनटेक संबंध में भी भारत ने कमाल किया है। मोबाइल फोन के जरिये वित्तीय लेन-देन में हमारे गांव भी जुड़ रहे हैं। इसका मतलब है कि फिनटेक में भी ज्यादा से ज्यादा आधुनिक तकनीक का समावेश आज आवश्यक है।

मेडिकल उपकरणों का निर्माण भारत में हो

मेडिकल साइंट की चर्चा करते हुये उन्होंने कहा कि आज भारत की जरूरत के अनुसार इस बात पर हमें ध्यान देना है कि ज्यादा से ज्यादा मेडिकल उपकरणों का निर्माण भारत में ही हो। आम बजट-2022 में प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में किए गए प्रावधानों पर आगे बढ़ने की कार्ययोजना को लेकर खाका पेश कर रहे थे।

गौरतलब हो कि भारत सरकार आम बजट 2022 के तहत वित्त मंत्री द्वारा की गई घोषणाओं के कुशल कार्यान्वयन में सहायता प्रदान करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में वेबिनार की श्रृंखलाओं का आयोजन कर रही है। वेबिनार श्रृंखला सभी क्षेत्रों में कार्यान्वयन रणनीतियों पर विचार करने के लिए सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों, शिक्षाविदों और उद्योग के विशेषज्ञों को एक मंच पर ला रही है। वेबिनार श्रृंखला की इसी कड़ी में ‘प्रौद्योगिकी-सक्षम विकास’ नामक वेबिनार का आयोजन किया गया था।

 


More Related Posts

Scroll to Top