केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट से बुंदेलखंड की भाग्यरेखा को मिलेगा नया रंग रूप: मोदी

सोमवार को विश्व जल दिवस  के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ''जल शक्ति अभियान'' के दूसरे चरण, 'जल शक्ति अभियान : कैच द रैन' का शुभारंभ किया। इसी कार्यक्रम में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट (Ken Betwa link project) के मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा की भारत में पानी की समस्या का समाधान हो इसलिए ''कैच द रेन'' की शुरुआत के साथ ही केन-बेतवा लिंक नहर के लिए भी बहुत बड़ा कदम उठाया गया है। अटल जी ने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लाखों परिवारों के हित में जो सपना देखा था उसे साकार करने के लिए आज समझौता हुआ है और ये बहुत बड़ा काम हुआ है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, अगर आज कोरोना न होता और अगर हम झांसी में आकर, बुंदेलखंड में आकर यह कार्यक्रम करते तो लाखों लोग आते और हमें आशीर्वाद देते, इतना बड़ा यह महत्वपूर्ण काम हो रहा है।

केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट से बुंदेलखंड की भाग्यरेखा को मिलेगा नया रंग रूप

प्रधानमंत्री ने कहा की वर्षा जल से संरक्षण के साथ ही हमारे देश में नदी जल के प्रबंधन पर भी दशकों से चर्चा होती रही है। देश को पानी संकट से बचाने के लिए इस दिशा में अब तेजी से कार्य करना हम सबकी जिम्मेदारी है। केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट भी इसी विजन का हिस्सा है। पीएम मोदी ने कहा, मैं मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश वहां के मुख्यमंत्री, दोनों सरकारें और दोनों प्रदेशों की जनता को जितनी बधाई दूं उतना कम है। आज इन दो नेताओं ने, इन दो सरकारों ने इतना बड़ा काम किया है जो हिंदुस्तान के पानी के उज्जवल भविष्य के लिए स्वर्णिम पृष्ठ पर लिखा जाएगा। ये मामुली काम नहीं है। यह सिर्फ एक कागज के टुकड़े पर साइन करने के बराबर नहीं है, बल्कि इन्होंने बुंदेलखंड की भाग्यरेखा को आज यह नया रंग रूप दिया है।

बुंदेलखंड की प्यास भी बुझेगी और प्रगति भी होगी

केन-बेतवा प्रोजेक्ट से लाखों लोगों को पानी तो मिलेगा ही साथ ही बिजली भी पैदा की जाएगी। यानी प्यास भी बुझेगी और प्रगति भी होगी। पीएम मोदी ने कहा जब प्रयास भागीरथ जितने बड़े हों तो लक्ष्य तो प्राप्त होता ही है। आज हम देश में जल जीवन मिशन में भी ऐसा ही होते देख रहे हैं। सिर्फ डेढ़ साल पहले हमारे देश में 19 करोड़ ग्रामीण परिवारों में से सिर्फ साढ़े 3 करोड़ परिवारों के घर नल से जल आता था। मुझे खुशी है कि जल जीवन मिशन शुरू होने के बाद इतने कम समय में ही लगभग 4 करोड़ नए परिवारों को नल का कनेक्शन मिल चुका है। आजादी के बाद पहली बार पानी की टेस्टिंग को लेकर किसी सरकार द्वारा इतनी गंभीरता से काम किया जा रहा है और मुझे इस बात की भी खुशी है कि पानी की टेस्टिंग के इस अभियान में हमारे गांव में रहने वाली बहनों-बेटियों को जोड़ा जा रहा है।

वर्षा आने तक सिर्फ जल संचयन के कार्यों पर ही खर्च हो मनरेगा का पैसा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मनरेगा का एक-एक पैसा बारिश आने तक सिर्फ जल संचयन के कार्यों पर ही खर्च हो। पानी से संबंधित जो भी तैयारियां करनी है उसके अलावा मनरेगा का पैसा कहीं और नहीं जाना चाहिए। मैं चाहूंगा कि इस अभियान को सफल बनाने में सभी देशवासियों का सहयोग आवश्यक है। जल को लेकर जब हमारी प्रकृति बदलेगी तो प्रकृति भी हमारा साथ देगी।

उन्होंने कहा, सेना के लिए कहा जाता है कि शांति के समय जो जितना ज्यादा पसीना बहाता है, युद्ध के समय खून उतना ही कम बहता है। मुझे लगता है कि यह नियम पानी पर भी लागू होता है। अगर हम बारिश के पहले पानी बचाने का कार्य करते हैं तो अकाल के कारण जो अरबों-खरबों का नुकसान होता है और बाकी काम रुक जाते हैं, सामान्य मानवीय को मुश्किलें आती हैं, पशुओं को पलायन करना पड़ता है ये सब बच जाएंगे। इसलिए जैसे युद्ध में शांति के समय पसीना बहाना ही मंत्र है वैसे ही जीवन बचाने के लिए वर्षा के पहले जितनी ज्यादा मेहनत करेंगे उतना ही उपकारक होगा।

 


More Related Posts

Scroll to Top