2022 के चुनाव परिणाम ने तय कर दिए 2024 के नतीजे – प्रधानमंत्री मोदी

पांच राज्यों में चुनाव परिणाम आने तथा चार राज्यों में भाजपा की जबरदस्त जीत के बाद दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चार राज्यों और खासकर उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मिले जनादेश को 2024 से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि इसने लोकसभा चुनाव के नतीजे तय कर दिए हैं।

भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने पार्टी की जीत का श्रेय खासकर महिलाओं और युवाओं को दिया तथा चुनाव परिणामों को परिवारवाद की राजनीति के सूर्यास्त का आगाज बताया। उन्होंने कोविड महामारी और फिर यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों के संकट के दौरान भी संकीर्ण राजनीति के लिए विपक्षी नेताओं व दलों को आड़े हाथों लिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कुछ राजनीतिक पंडितों ने 2019 में भाजपा की लोकसभा में जीत को 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिली भारी जीत से जोड़ा था। अब जबकि 2022 में फिर से उत्तर प्रदेश में भाजपा की वापसी हो रही है, वे 2024 के लोकसभा चुनाव की जीत तय कहने की हिम्मत जुटा पाएंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने 2014, 2017, 2019 और 2022 में लगातार जातिवाद के ऊपर विकासवाद को तरजीह है। प्रधानमंत्री ने साफ किया कि वह किसी परिवार के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन इसके लोकतंत्र के खिलाफ होने की वजह से चिंतित जरूर हैं। उन्होंने कहा, 'एक दिन ऐसा आएगा जब देश के नागरिक परिवारवादी राजनीति का सूर्यास्त करके रहेंगे।'

भ्रष्ट नेताओं को बचाने के लिए हो रही गोलबंदी

प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच का सामना कर रहे नेताओं के पक्ष में हो रही राजनीतिक गोलबंदी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट नेताओं को बचाने के लिए ये लोग निष्पक्ष जांच करने वाली एजेंसियों को ही कठघरे में खड़ा कर दवाब बनाने की कोशिश कर रहे हैं और उनके ईको सिस्टम इसे हवा दे रहे हैं। यहां तक कि इन्हें न्यायपालिका पर भी भरोसा नहीं है। भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए उसे जाति और धर्म से भी जोड़ने से गुरेज नहीं करते। ऐसे लोगों की रणनीति उजागर करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले ये भ्रष्टाचारियों के खिलाफ जांच नहीं होने देते और जांच शुरू हो भी जाए तो इसे करने वाली एजेंसी पर ही दवाब बनाकर उसे प्रभावित करने में लग जाते हैं। उन्होंने सभी जातियों और संप्रदायों से ऐसे लोगों से दूर रहने का आह्वान किया।

 


More Related Posts

Scroll to Top