14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा आतंकी हमले के जबाब में 26 फरवरी 2019 के बालाकोट एयर स्ट्राइक को भला कौन भूल सकता है। जब भारतीय वायुसेना ने दुश्मन के घर में घुसकर आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया। पाकिस्तान के बालाकोट में मौजूद जैश-ए-मोहम्मद के दहशतगर्दों के कैंप पर एयर स्ट्राइक करके न्यू इंडिया ने साबित किया था कि ‘छेड़ोगे को छोड़ेंगे नहीं’। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बालाकोट के कैंप को ही क्यों चुना गया …
पुलवामा में आतंकी हमला
14 फरवरी 2019 को सीआरपीएफ के 78 वाहनों का काफिला करीब ढाई हजार जवानों को लेकर जम्मू से श्रीनगर जा रहा था। काफिला अवंतीपोरा के पास नेशनल हाईवे 44 से गुजर रहा था। पुलवामा के पास दोपहर के वक्त विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी काफिले में जा घुसी और भयंकर धमाका हुआ। एक पल में चारो तरफ शवों का ढेर और खून फैल गया। इस धमाके में 40 जवान शहीद हुए।
कश्मीर में जवानों पर हुआ तीन दशक का ये सबसे बड़ा हमला था। मौत से गमजदा और जैश और पाकिस्तान में उसके आकाओं के दुस्साहस से देश गुस्से से भरा हुआ था। राजनीतिक नेतृत्व के सामने ये स्पष्ट था कि पाकिस्तान दशकों से जो अपनी परमाणु ताकत का हौवा दिखाता रहा है, इसे सबक सिखाना जरूरी है। अब मकसद साफ था भारत का जवाब उसी अनुपात में होना चाहिए।
जैश के आतंकी कैंप को निशाने के रूप में चुना गया
अब सवाल था कि हमला कहां किया जाए। खुफिया एजेंसियों ने पाकिस्तान में चल रहे करीब 15 स्थानों को खंगाला जहां आतंकियों के शिविर होने की खबर थी। चूंकि पुलवामा हमले में जैश-ए-मोहम्मद शामिल था, इसलिए यह तय किया गया कि उसी के शिविर को निशाना बनाया जाना चाहिए। सोच ये भी थी कि इस हमले में आम लोगों को नुकसान न पहुंचे। इसी तरह बालाकोट में जैश के कैंप को सही निशाने के रूप में चुना गया और उसके बाद ऑपरेशन बंदर की तैयारी शुरू हुई।
उस कैंप पर भारतीय खुफिया एजेंसियों की वर्षों से नजर रही है। जैश के उस कैंप पर हमले के वक्त कई सौ आतंकी मौजूद थे। इसकी पक्की जानकारी भारतीय खुफिया एजेंसियों को थी। इस बात की जानकारी जब वायुसेना को दी गई और टारगेट बताया गया तो सबने खुशी भी जाहिर की।
भारतीय वायुसेना को दी गई हर छोटी से छोटी जानकारी
वायुसेना को बालाकोट में जैश के कैंप की हाई रेजोल्यूशन सैटेलाइट तस्वीरों के साथ कई बारीक जानकारियां दी गई थीं, जो हमले के दौरान पायलटों के लिए अहम साबित हुईं। बालाकोट में तड़के करीब 3 बजे स्ट्राइक का वक्त का चुना गया, क्योंकि तब लोग गहरी नींद में सो रहे थे।
स्ट्राइक दर्जन भर मिराज-2000 विमानों को करनी थी, जिनमें इजरायल में निर्मित स्पाइस बम लगे हुए थे, जो गाइडेड सिस्टम से निशाने पर सटीक वार कर सकते थे। इसके अलावा दो टोही विमान इजरायली फाल्कन एयरबॉर्न एंड कंट्रोल सिस्टम और नेत्र भी अपनी भूमिका निभा रहे थे।
जब ‘ऑपरेशन बंदर’ हुआ सफल
26 फरवरी 2019 को कुछ नीचे उड़ान भरने वाला मिराज-2000 का बेड़ा बालाकोट की तरफ बढ़ा। जब तक पाकिस्तानी रडार पर वो दिखते तब तक मिराज विमानों ने कैंप के निशाने को पहचाना और स्पाइस बम दाग दिए। भारतीय जेट विमानों को सिर्फ चार मिनट लगे और वो ‘ऑपरेशन बंदर’ को पूरा कर वापस लौट आए।
इस एयर स्ट्राइक के बाद भारत की आतंकवाद के खिलाफ बदली रणनीति पूरी दुनिया के सामने आई कि अगर कोई भी आतंकवादी भारत के खिलाफ देश के किसी भी हिस्से में आतंकी हमला करता है तो भारत से दुनिया के किसी भी हिस्से में उसे नेस्तनाबूद करने की ताकत रखता है।