बिहार की सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (Janta Dal United) में उहापोह की स्थिति बनी हुई है| कयासों का बाज़ार गर्म है| जबसे केन्द्रीय मंत्रीमंडल का विस्तार हुआ है जदयू की आंतरिक राजनीति गरमाई हुई है| पार्टी का एक बड़ा धडा, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह (RCP Singh) से काफी नाराज बताया जा रहा है|
इसी उठा पटक के बीच जदयू की राष्ट्रीय कार्य समिति (JDU National Executive) की बैठक 31 जुलाई को नई दिल्ली में हो रही है। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar), पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह के अलावा सभी सांसद और कार्यसमिति के सभी सदस्य शामिल होंगे। इस बैठक में जदयू में बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है|
जदयू के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की चर्चा
चर्चा है केन्द्रीय मंत्रीमंडल में जदयू को शामिल होने को लेकर जिस तरह फजीहत हुई उसके बाद पार्टी में किसी तरह के असंतोष को रोकने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को बदलने का निर्णय ले सकते है| राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह के केंद्रीय मंत्री बनने के बाद जिस तरह से पार्टी पर यह आरोप लगा की यह पार्टी एक जाति एवं एक जिला की पार्टी है उससे नीतीश कुमार असहज बताये जाते है|
जदयू के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पार्टी में नया अध्यक्ष चुने जाने की चर्चाएं तेज हैं। खुद आरसीपी ने कहा कि पार्टी जब कहेगी वे राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ने के लिए तैयार हैं। इसके साथ उन्होंने ये भी जोड़ा कि वे केंद्रीय मंत्री रहते हुए भी पार्टी अध्यक्ष के अपने दायित्वों का निर्वहन करने में पीछे नहीं हटेंगे।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बदलने की चर्चाओ का जदयू की तरफ से न तो स्वीकार किया गया है और न ही इनकार किया गया है।
कौन कौन है नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की दौड़ में
यदि पार्टी अध्यक्ष बदलने का निर्णय लेती है तो नए अध्यक्ष को लेकर कई नाम सामने आ रहे है| सबसे ज्यादा संभावना यह है की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर पार्टी की कमान खुद अपने हाथ में ले सकते है| इसके आलावा उपेंद्र कुशवाहा एवं ललन सिंह का नाम भी चर्चा में है। हालाँकि अंतिम समय में अगर कोई चौकाने वाला नाम भी सामने आ जाये तो आश्चर्य नही होना चाहिए|