आज गोपाष्टमी है। जानिए क्यों विशेष महत्व गोपाष्टमी के दिन गौपूजन का?
।। ॐ श्रीपरमात्मने नमः।।
नमो देव्यै महादेव्यै सुरभ्यै च नमो नमः। गवां बीज स्वरुपायै नमस्ते जगदम्बिके ।। कल्पवृक्षस्वरुपायै सर्वेषां सततं परम् । श्रीदायै धनदायै च बुद्धिदायै नमो नमः।। शुभदायै प्रसन्नायै गोप्रदायै नमो नमः। यशोदायै सौख्यदायै धर्मज्ञायै नमो नमः।।
(श्रीब्रह्मवैवर्तमहापुराण)
अर्थात् इन्द्र गौमाता की स्तुति करते हुए कहते हैं - हे गौमाता आप सबके लिए कल्पवृक्ष के समान हैं और मनोवांछित फल देने वाली हैं। आप श्री, धन और बुद्धि प्रदान करने वाली हैं। आप ही शुभदा, प्रसन्ना हैं। यश और सौख्य प्रदान करनेवाली धर्माज्ञा देवी हैं। आपको बार बार प्रणाम है।
वे कहते हैं - देवी और महादेवी सुरभि को बार बार नमस्कार है। जगदम्बिके तुम गौओं की बीजस्वरूपा हो।
आज गोपाष्टमी है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की अष्टमी को गोपाष्टमी के नाम से जाना जाता है। कार्तिक शुक्ल पक्ष प्रतिपदा से लेकर कार्तिक शुक्ल नवमी अर्थात् अक्षय नवमी तक गोनवरात्र कहा जाता है।

गोपाष्टमी को गौपूजन का विशेष महत्व है। कहते हैं कि दीपावली के दूसरे दिन अन्नकूट और गोवर्धन पूजा होता है। क्योंकि उस दिन इन्द्र की पूजा न कर गोवर्धन पर्वत की पूजा की गई। इससे क्रुद्ध होकर इन्द्र ने अपना अपमान समझा और लगातार सात दिनों तक व्रज में मुसलाधार वर्षा की, जिससे बचने के लिए सात वर्ष का कन्हैया ने सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत को कनिष्ठ ऊंगली पर धारण किया था। आठवें दिन गौ पूजन की गई और उसी दिन से कृष्ण ने गौचारण आरंभ किया था। उससे पहले कृष्ण बछड़े चराते थे। इसलिए आज का दिन गोपाष्टमी के नाम से जाना जाता है।
गौमाता के शरीर में सभी देवताओं का वास है। कहते हैं कि जब गौमाता के शरीर में सभी देवताओं ने अपना- अपना स्थान ग्रहण कर लिया, तब सबसे अंत में लक्ष्मीजी और गंगाजी आईं। गौमाता ने कहा कि अब तो हाउस फुल है। केवल गोबर और मूत्र बाँकी है। तब लक्ष्मी ने गोबर में वास किया और गंगा गौमूत्र में अपना स्थान बना ली। इस तरह गाय के हरएक अंग में देवताओं का निवास है।
गौ सेवा से बढ़कर दूसरी सेवा नहीं है। मैंने पढा है, जो गौ सेवा करते हैं, वे और किसी तरह की पूजा, जप, तप, यज्ञ आदि नहीं भी करें, तो भी उनको मोक्ष की प्राप्ति होती है। गौसेवक को व्याधि नहीं होती। जहां गायें रहती हैं, वहां सांप, बिच्छू आदि नहीं आते।
गाय के दूध, दही, घी, मधु और शक्कर का मिश्रण पंचामृत तथा गौमूत्र, गोबर, गौ दुग्ध, दही और घी के मिश्रण को पंचगव्य कहा जाता है। कोई भी यज्ञ इनके बिना सम्पादित नहीं होता।
गौदान का तो विशेष महत्त्व है ही। मृत्यु के बाद भी गौदान और वैतरणी कराया जाता है। वायु पुराण में तो यह स्पष्ट उल्लेख मिलता है कि किसी की मृत्यु गौ गृह (जहां गायें निवास करती हैं -गौशाला) में होने पर मोक्ष मिलता है।
जब जब पृथ्वी पर अधर्म का भार बढ़ा है, तब तब पृथ्वी ने गौ माता का रूप धारण कर ईश्वर को धरती पर आने के लिए प्रार्थना की है। इसका उदाहरण रामायण और श्रीमद्भागवत एवं अन्य पुराणों में मिलता है।
शास्त्रों के अनुसार पृथ्वी जिन सात तत्त्वों के आधार पर टिकी हुई है, उनमें से प्रमुख गाय ही है। इसीलिए तो जब जब इस पृथ्वी पर अधर्म बढ़ा और पापों का बोलबाला हुआ, अत्याचार बढ़ने लगा, पृथ्वी माता उस कलेश को सहन नहीं कर पायी और उन्होंने गौ का रूप धारण कर देवताओं के राजा इन्द्र के पास जाकर अपनी वेदना का बखान किया। गौरूपी पृथ्वी सभी देवताओं को लेकर ब्रह्मलोक और वैकुण्ठ पहुँची और भगवान् श्रीहरि की स्तुति की। गौरूपी पृथ्वी की प्रार्थना पर ही हरेक युग में भगवान् का अवतार हुआ है। रामावतार और कृष्णावतार सहित अन्य अवतारों की सच्चाई यही है।
रामचरितमानस में लिखा है - विप्र धेनु सुर संत हित लिन्ह मनुज अवतार। अर्थात् गौ, ब्राह्मण, देवता, संतों के लिए भगवान् मनुष्य के रूप में अवतार लेते हैं। गौ-ब्राह्मण हिताय च।
ब्रह्मवैवर्त महापुराण में लिखा है कि जब पृथ्वी सहित देवलोक में दूध की कमी हो गई तो इन्द्रादि देवताओं ने गौ माता की स्तुति की, जिससे गौमाता ने प्रसन्न होकर देवलोक, भूलोक और ब्रह्मलोक को दुग्ध से परिपूर्ण कर दिया और गोलोक धाम को चली गई।
मनुष्य को चाहिए कि पहली रोटी गौमाताको जरूर खिलाएं। सम्पूर्ण देश वासियों को गोपाष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई।
हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे । हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे ।।
-लीला कान्त, श्रीहनुमान मंदिर, ग्राम -केड़वार, जिला - मधुबनी , (बिहार)|
कैम्प - पटना।
{लेखक बिहार के राज्यपाल के जनसंपर्क अधिकारी रह चुके हैं। इस लेख में व्यक्त की गई राय लेखक की निजी राय है। लेख में दिए गए तथ्य और राय NitiPost के विचारों को प्रतिबिंबित नहीं करते हैं| लेख में व्यक्त किए गए विचारो के लिए NitiPost उत्तरदायी या जिम्मेदार नहीं है।}