सीतापुर जेल में बंद उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री तथा रामपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खां के बुरे दिन खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहे है| ताजा घटना क्रम में आजम खां को जोरदार झटका देते हुए उनके जौहर विश्वविद्यालय की 173 एकड़ जमीन को सरकार के हवाले करने का आदेश दिया गया है|
शनिवार को रामपुर के अपर जिलाधिकारी ने मौलाना मुहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के 173 एकड़ जमीन को सरकारी खाते में अंकित करने का आदेश दिया| मौलाना मुहम्मद अली जौहर ट्रस्ट ही जौहर विश्वविद्यालय का संचालन करता है| आजम खां द्वारा स्थापित जौहर विश्वविद्यालय की जमीन का मालिकाना हक़ मौलाना मुहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के पास ही है| आजम खां ट्रस्ट के अध्यक्ष है|
वर्ष 2005 में उत्तर प्रदेश सरकार ने जौहर ट्रस्ट को कुछ शर्तो के साथ 12 एकड़ से कुछ ज्यादा जमीन खरीदने की अनुमति दी थी| सरकारी शर्त के अनुसार एससी/एसटी की जमीन, नदी की जमीन, बाढ़ क्षेत्र की जमीन के साथ साथ ग्राम सभा एवं चक की जमीन खरीदने की मनाही थी| इसके आलावा तब जौहर ट्रस्ट ने कहा था की वह गरीब बच्चो को मुफ्त शिक्षा देगा तथा सहायतार्थ कार्य भी करेगा|
ट्रस्ट सरकार के इन नियमों एवं शर्तो का उलंघन करने का दोषी पाया गया है, जिसके कारण जमीन को सरकारी खाते में दर्ज करने का आदेश दिया गया है|