पंचतत्व में विलीन हुईं भारत रत्न लता मंगेशकर, प्रधानमंत्री मोदी ने भी अर्पित की श्रद्धांजलि

राष्‍ट्र ने स्‍वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर को अश्रुपूर्ण विदाई दी। उनका अंतिम संस्‍कार आज शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिवाजी पार्क पहुंचकर भारत रत्न लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।

शिवाजी पार्क में आज महान गायिका लता मंगेशकर को अंतिम विदाई देने के लिए हजारों लोग जुटे। समाज के विभिन्न तबके के लोगों ने दिवंगत आत्मा को अंतिम प्रणाम किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोसियारी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनाविस, केन्द्रीय मंत्री पियूष गोयल, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, संगीतकार हृदयनाथ मंगेशकर, गीतकार जावेद अख्तर और पद्मिनी कोल्हापुरी इस अवसर पर उपस्थित रहे। तीनों सेनाओं के जवानों ने लता मंगेशकर को सलामी दी। राष्ट्रीय ध्वज में लिपटी महान गायिका को श्री मोदी ने पुष्प चक्र अर्पित किया। लता मंगेशकर का पार्थिव शरीर उनके आवास प्रभुकुंज से शिवाजी पार्क लाया गया जहां उन्हें अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया।

लता मंगेशकर का आज सुबह मुंबई के एक अस्पताल में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

भारत रत्न पुरस्कार से सम्मानित लता मंगेशकर को कोविड-19 से संक्रमित होने के बाद आठ जनवरी को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसिद्ध पार्श्व गायिका की कल हालात बिगड़ने के बाद जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था।

 


More Related Posts

Scroll to Top