लता मंगेशकर ने हिंदी और मराठी के अलावा 36 भारतीय और विदेशी भाषाओं में गाया

लता मंगेशकर ने न सिर्फ हिंदी और मराठी में गाया बल्कि 36 भारतीय और विदेशी भाषाओं में गाया। उन्होंने न केवल भारत बल्कि विदेश में भी कई संगीत कॉन्सर्ट किए। इसके अलावा लता मंगेशकर के गाए कई गीतों की एल्बम भी निकली हैं।

लता मंगेशकर के पसंदीदा कलाकार

उनको कौन-कौन से कलाकार पसंद थे इस बारे में लता मंगेशकर ने बताया था ” मैं अपने रिकॉर्ड्स तो बहुत कम सुनती हूं। मेरे पास रिकॉर्डिंग का कलेक्शन तो है जिसमें मेरे गीतों का कलेक्शन कम बल्कि अन्य आर्टिस्टों का कलेक्शन ज्यादा है। जैसे- रविशंकर जी, भीमसेन जोशी, गुलाम अली खां साहब और सलामत नजाकत हैं। इसके अलावा कुछ और लाइट म्यूजिक आर्टिस्ट का कलेक्शन भी मेरे पास मौजूद है और मैं उनके रिकॉर्ड जरूर सुनती हूं।”

अपनी गायन यात्रा में पाए ये पुरस्कार

अपनी गायन यात्रा में लता मंगेशकर को अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है जिनमें चार फिल्म फेयर पुरस्कार, तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, फिल्मफेयर लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार शामिल हैं। वे राज्य सभा की सदस्य भी रह चुकी हैं। लता मंगेशकर को 1999 पद्म विभूषण, 1989 में दादा साहब फाल्के पुरस्कार और 2001 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया। 2009 में फ्रांस सरकार ने उन्हें ऑफिसर ऑफ फ्रेंच लीजियो ऑफ ऑनर से सम्मानित किया।

प्रभावशाली व्यक्तित्व की स्वामिनी सदा रही सादगी पसंद

इतने प्रभावशाली व्यक्तित्व की स्वामिनी लता मंगेशकर को सदा सादगी पसंद रही। इस बारे में लता मंगेशकर ने कहा था कि मैं बचपन से घाघरा चोली पहनती थी। फिर मैंने सफेद साड़ी पहनना शुरू किया। बीच में मैंने कलरफुल साड़ी पहनना शुरू किया था जिसमें हर रंग की साड़ी मैं पहनती थी। लेकिन फिर एक दो साल के बाद ऐसे ही बैठे-बैठे मैंने सोचा कि इस बात का तो कोई अंत नहीं है कि आज मुझे गुलाबी पसंद आई तो कल नीली और परसो पीली। इसलिए मैंने एक ही दिन में डिसाइड किया कि मैं आज से सफेद के सिवा कुछ नहीं पहनूंगी।”

राष्ट्रपति और पीएम समेत अन्य नेताओं ने उनके निधन पर दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट कर कहा, लता जी का निधन मेरे लिए हृदयविदारक है, जैसा कि दुनिया भर के लाखों लोगों के लिए है। उनके गीतों की विशाल श्रृंखला में, भारत के सार और सुंदरता को प्रस्तुत करते हुए, पीढ़ियों ने अपनी आंतरिक भावनाओं की अभिव्यक्ति पाई। भारत रत्न, लता जी की उपलब्धियां अतुलनीय रहेंगी।

आगे जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि लता-दीदी जैसे कलाकार का जन्म सदियों में एक बार होता है। लता-दीदी एक असाधारण इंसान थीं, गर्मजोशी से भरी, जब भी मैं उनसे मिला तो मैंने यही पाया। यह दिव्य आवाज हमेशा के लिए शांत हो गई हैं लेकिन उनकी धुन अमर रहेगी, अनंत काल तक गूंजती रहेगी। उनके परिवार और हर जगह प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि लता दीदी के गीतों ने कई तरह की भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दशकों तक भारतीय फिल्म जगत के बदलावों को करीब से देखा। फिल्मों से परे, वह हमेशा भारत के विकास के बारे में भावुक थीं। वह हमेशा एक मजबूत और विकसित भारत देखना चाहती थी।

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि मैं इसे अपना सम्मान मानता हूं कि मुझे हमेशा लता दीदी से अपार स्नेह मिला है। उनके साथ मेरी बातचीत अविस्मरणीय रहेगी। लता दीदी के निधन पर मुझे अपने साथी भारतीयों के साथ शोक है। उनके परिवार से बात की और संवेदना व्यक्त की।

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि वह शब्दों से परे हैं। दयालु और देखभाल करने वाली लता दीदी हमें छोड़कर चली गई हैं। वह हमारे देश में एक खालीपन छोड़ गई है जिसे भरा नहीं जा सकता। आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति के एक दिग्गज के रूप में याद रखेंगी, जिनकी सुरीली आवाज में लोगों को मंत्रमुग्ध करने की अद्वितीय क्षमता थी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी महान गायक के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा, सभी देशवासियों की तरह, उनका संगीत मुझे बहुत प्रिय रहा है, जब भी मुझे समय मिलता है, मैं उनके द्वारा गाए गए गीतों को जरूर सुनता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को संबल प्रदान करें।

राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने महान गायिका लता मंगेशकर के निधन पर गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा, लता मंगेशकर के निधन पर मेरी गहन सम्वेदनाएं। अपने समृद्ध स्वरों से उन्होंने संगीत को नई ऊंचाइयां दी। लता दी के गाए गीत लोगों को जोड़ते थे। भाषा के बंधन को तोड़ उनके गाए गीत विश्व के प्रत्येक हिस्से तक पहुंचे। अनेक अवसर आए जिसमें उन्होंने सैनिकों का मनोबल बढ़ाया। उनसे प्रेरणा पाकर लाखों युवा संगीत से जुड़े। उनका निधन सम्पूर्ण राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। अपने गीतों से वे सदैव हमारी स्मृतियों में रहेंगी।

 


More Related Posts

Scroll to Top