भारत का पहला एलिवेटेड अर्बन एक्सप्रेस-वे होगा 'द्वारका एक्सप्रेसवे'

देश में सड़कों का जाल बिछाने में भारत विश्व रिकॉर्ड कायम कर चुका है। वहीं अब देश की राजधानी दिल्ली से कई शहरों की दूरी महज 2 घंटे सिमटकर रह गई है। 

देश का पहला एलिवेटेड शहरी एक्सप्रेस-वे 2023 में होगा शुरु

इसी क्रम में अब ''द्वारका एक्सप्रेस-वे'' (Dwarka Expressway) पर काम जारी है जिसे देश को 2023 तक सौंपा जाएगा। देश के इस पहले एलिवेटेड शहरी एक्सप्रेस-वे को तैयार करने के लिए बड़ी तेजी से काम चल रहा है। बताना चाहेंगे इसे हरियाणा वाले हिस्से में नार्दर्न पेरीफेरल रोड कहा जाता है।

द्वारका एक्सप्रेस-वे से किन सड़कों पर दबाव होगा कम

द्वारका एक्सप्रेस-वे से दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे (स्वर्णिम चतुर्भुज सम्बंधी दिल्ली-जयपुर-अहमदाबाद-मुम्बई राजमार्ग का हिस्सा) तथा आर्टेरियल रोड पर दबाव कम हो जाएगा। अभी इन मार्गों पर भारी यातायात रहता है, जिनमें ज्यादातर पश्चिम दिल्ली से आने वाले वाहन शामिल होते हैं।

NH-8 का 50 से 60% यातायात होगा डायवर्ट

एनएच-8 का 50 से 60% यातायात इस नए एक्सप्रेस-वे की तरफ मुडेगा, जिससे सोहना रोड़, गोल्फ कोर्स रोड आदि की तरफ जाने वाले यातायात में सुधार आएगा। वर्ष 2023 में चालू हो जाने के बाद, इससे दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण को भी कम करने में बेहद मदद मिलेगी।

'संपर्कता से समृद्धि' का मार्ग होगा प्रशस्त

ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के कोने-कोने में विश्वस्तरीय अवसंरचना के विकास को सक्रिय प्राथमिकता दे रही है और ‘संपर्कता से समृद्धि’ का मार्ग प्रशस्त कर रही है।

कितना होगा खर्च ?

दिल्ली से हरियाणा के गुरुग्राम को जोड़ने वाला एक्सप्रेस-वे 9,000 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया जा रहा है। इस एक्सप्रेस-वे में सड़क की दोनों तरफ न्यूनतम तीन लेन सर्विस रोड हैं, जो 16 लेन एक्सेस कंट्रोल्ड राजमार्ग से जुड़ी हैं। यह एक्सप्रेस-वे 29 किलोमीटर लंबा है, जिसमें से 19 किलोमीटर का हिस्सा हरियाणा में और शेष 10 किलोमीटर लंबा हिस्सा दिल्ली में पड़ेगा।

चार बहुस्तरीय इंटरचेंज

द्वारका एक्सप्रेस-वे पर चार बहुस्तरीय इंटरचेंज होंगे। प्रमुख जंक्शनों पर सुरंग/अंडरपास, एट-ग्रेड रोड, एलिवेटेड फ्लाईओवर और फ्लाईओवर के ऊपर फ्लाईओवर बनाए जाएंगे, जिनमें भारत की सबसे लंबी (3.6 किलोमीटर) और सबसे चौड़ी (8 लेन) शहरी सड़क सुरंग का निर्माण शामिल है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे की शुरुआत एनएच-8 (दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे) पर शिव-मूर्ति से होगी और वह द्वारका सेक्टर 21, गुरुग्राम सीमा तथा बसई से गुजरता हुआ खिड़की दौला टोल प्लाजा के निकट समाप्त हो जाएगा।

भीड़-भाड़ कम करने में निभाएगा प्रमुख भूमिका

ये प्रतिष्ठित परियोजना राजधानी दिल्ली में भीड़-भाड़ कम करने की योजना में प्रमुख भूमिका निभाएगी। द्वारका एक्सप्रेस-वे जब पूरा हो जाएगा, तो उसके जरिए द्वारका के सेक्टर 25 स्थित इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (आईआईसीसी) तक सीधी पहुंच हो जाएगी। साथ ही इसके जरिए एक कम गहरी सुरंग के जरिए आईजीआई एयरपोर्ट तक जाने का एक वैकल्पिक रास्ता मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्नत यातायात प्रबंधन प्रणाली, टोल प्रबंधन प्रणाली, सीसीटीवी कैमरों, सतर्कता आदि जैसे उत्कृष्ट बौद्धिक यातायात प्रणालियां आसन्न विश्वस्तरीय गलियारे का अभिन्न होंगी।

पर्यावरण सुरक्षा में देगा योगदान 

द्वारका एक्सप्रेस-वे के आसपास भारी मात्रा में वृक्षारोपण किया जाएगा। पूरे क्षेत्र 12,000 पेड़ लगाए गए हैं। परियोजना इंजीनियरिंग का शानदार नमूना है। निर्माण में 34 मीटर चौड़ी आठ लेन की एकल पाए वाली सड़क शामिल है। अनुमान है कि परियोजना में दो लाख मीट्रिक टन (एफिल टावर में इस्तेमाल इस्पात से तीस गुना अधिक) इस्पात की खपत होगी। इसी तरह इसके निर्माण में 20 लाख क्यूबिक मीटर कंक्रीट की खपत होगी, जो बुर्ज खलीफा में लगे कंक्रीट से छह गुना अधिक है।

8 साल में देश में सड़क निर्माण कार्य उम्मीद से तेज

उल्लेखनीय है कि बीते आठ साल में देश में सड़क निर्माण कार्य उम्मीद से भी ज्यादा तेज गति से हुआ है। इस बात का सबूत 105 घंटे और 33 मिनट में NH53 पर एक ही लेन में तैयार की गई 75 किलोमीटर बिटुमिनस कंक्रीट रोड बनी। इस सड़क को बनाने में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था जिसकी घोषणा 08 जून 2022 को की गई थी। वहीं अब भारत सरकार ने देश का पहला एलिवेटेड शहरी एक्सप्रेस-वे 2023 में शुरू किए जाने की घोषणा की है।

भारत की सड़कों को अमेरिका से बेहतर बनाने का संकल्प

ऐसे में कहा जा सकता है कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा भारत की सड़कों को अमेरिका से बेहतर बनाने का संकल्प जल्द पूरा होगा। याद हो भारत सरकार ने साल 2021 में आगामी दो वर्षों में 15 लाख करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण का लक्ष्य रखा था जिसे पूरा करने के लिए सरकार द्वारा रिकॉर्ड स्तर पर सड़क निर्माण कार्य जारी हैं।

 


More Related Posts

Scroll to Top