बुधवार को तमिलनाडु में नीलगिरि जिले के कुन्नुर में हुए वायुसेना के एमआइ-17 हेलीकाप्टर के दुखद दुर्घटना में सेना के सर्वोच्च अधिकारी देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत उनकी पत्नी मधुलिका रावत और 11 अन्य लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में हेलीकाप्टर के पायलट, सीडीएस के वरिष्ठ स्टाफ एवं सुरक्षाकर्मी शामिल हैं।
यह हेलीकाप्टर दुर्घटना 1963 के बाद हुए सबसे बड़े हेलीकॉप्टर दुर्घटना में देश ने अपने सबसे बड़े सैन्य अधिकारी सीडीएस जनरल बिपिन रावत एवं उनकी पत्नी सहित 13 जांबाजों को खो दिया। 1963 की दुर्घटना में 6 वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की मृत्यु हो गई थी।
देश के पहले CDS जनरल बिपिन रावत एक सैन्य परिवार से आते हैं। उनके पिता भी सेना में थे तथा लेफ्टिनेंट जनरल के रैंक से सेवानिवृत्त हुए थे। जनरल बिपिन रावत अपनी बहादुरी एवं रणनीति कुशलता के लिए जाने जाते थे। वह शुरुआत से ही बेस्ट से IMA में उन्हें स्वार्ड ऑफ ऑनर सम्मान प्राप्त हुआ था।
जनरल रावत ने एक सैनिक के रूप में चार दशकों तक मातृभूमि की सेवा की। इस दौरान वह अपनी अतुल्य क्षमता, रणनीतिक कुशलता एवं साहस का परिचय देते हुए थल सेना अध्यक्ष के बाद देश के पहले चीफ ऑफ़ डिफेन्स स्टाफ यानी सीडीएस बने।
जनरल बिपिन रावत वर्तमान समय में सेना के सबसे डेकोरेटेड अधिकारी थे। परम विशिष्ट सेवा मेडल, उत्तम युद्ध सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, विशिष्ट सेवा मेडल, युद्ध सेवा मेडल, एवं सेना मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।
जनरल रावत सीडीएस के रूप में तीनों सेनाओं के समन्वय के साथ थिएटर कमांड गठित करने के कठिन काम पर लगे हुए थे ताकि भारतीय सेना युद्ध की आधुनिक चुनौतियों का सामना करने के साथ-साथ 2.5 मोर्चे के युद्ध के लिए तैयार हो सके।
जनरल रावत सेना के आधुनिकीकरण एवं स्वदेशीकरण के प्रबल समर्थक थे। उनका कहना था कि देश की सेनाओं को अपने साजो सामान की आपूर्ति को लेकर आत्मनिर्भर होना होगा। आयात की जगह स्वदेशी को प्राथमिकता देनी होगी।
जनरल बिपिन रावत स्पष्टता के साथ बिना लाग लपेट के सीधी अपनी बात कहते थे। सीमा पर चीन को भारत के जवाब का वह चेहरा बन गए थे।
जनरल रावत जवानों में बहुत ही लोकप्रिय थे। किसी की परवाह किए बिना वह अपने सैनिकों के साथ सार्वजनिक रूप से खड़े होते थे। वह कहते थे की वह अपने जवानों को गोली खाने और मरने के लिए नहीं छोड़ सकते, अगर सेना पर हमला होगा तो जवाब मिलेगा।
जब कश्मीर में सेना की जीप पर एक युवक को बांधने पर पूरा वामपंथी इकोसिस्टम मेजर गोगोई के पीछे पड़ा था तब बतौर सेना अध्यक्ष जनरल रावत सार्वजनिक रूप से मेजर गोगोई के साथ खड़े थे। लेकिन जब मेजर गोगोई हनी ट्रैप में पकड़े गए तो उन्हें सजा भी दी। यह थी उनकी नेतृत्व क्षमता।
जनरल रावत कश्मीर एवं पूर्वोत्तर में इनसरजेंशी के खिलाफ लड़ाई के विशेषज्ञ माने जाते थे।
2019 बालाकोट एयर स्ट्राइक: उस समय थल सेना प्रमुख के तौर पर रणनीति बनाने में उनकी अहम भूमिका रही थी
2016 सर्जिकल स्ट्राइक: जनरल रावत ने बतौर उप सेना प्रमुख पाकिस्तान में घुसकर उड़ी हमले का बदला लेने की रणनीति का संचालन किया था।
2015 म्यानमार में ऑपरेशन: मणिपुर में सेना पर हुए आतंकी हमले के बाद म्यांमार में आतंकरोधी ऑपरेशन को जनरल रावत ने सफलतापूर्वक संचालित किया था। जनरल रावत को पूर्वोत्तर में उग्रवाद को नियंत्रित करने के लिए जाना जाता है।
गोरखा राइफल के कमांडर: बतौर कर्नल वह अरुणाचल प्रदेश में 11 गोरखा राइफल की पांचवी बटालियन के कमांडर थे।
राष्ट्रीय राइफल के प्रमुख: ब्रिगेडियर के तौर पर कश्मीर के सोपोर में राष्ट्रीय राइफल की कमान संभाली थी। तब कश्मीर में आतंकवाद चरम पर था।
जनरल बिपीन रावत की असामयिक मृत्यु देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है।