कोरोना के नए वेरिएंट से ब्राजील में हाहाकार मचा है। कोरोना के नए वेरिएंट पी1 से पिछले 24 घंटे में ब्राजील में 1,086 लोगों की मौत हुई है। अबतक देश में मरने वालों की संख्या 2,65,411 हो गई है।
कोरोना के मूल वायरस से अधिक संक्रामक और घातक पी1 वेरिएंट से ब्राजील के अधिकांश मरीज प्रभावित हो रहे हैं। हालत यह है कि माटो ग्रोसो, सांता कैटरीना, पराना, और रियो ग्रांडे डो सुल जैसे प्रांतों में सभी आईसीयू बेड पर मरीज भर्ती हैं। बीमार लोगों को बेड के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। इन प्रांतों की सरकारों ने दूसरे प्रांतों की सरकारों से अपने यहां मरीज भर्ती करने का अनुरोध किया है। वहीं ब्राजील के सबसे अधिक आबादी वाले साओ पालो प्रांत में स्थानीय अस्पताल 80 फीसद तक भर चुके हैं। इस नए वेरिएंट को देखते हुए गैर जरूरी व्यापार पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
कोवैक्सिन के लिए आपातकालीन प्रयोग के लिए मांगी मंजूरी
ब्राजील में भारत बायोटेक का प्रतिनिधित्व करने वाली ब्राज़ीलियाई फर्म प्रीसीसा मेडिकामेंटोस ने ब्राजील में कोवैक्सिन कोविड-19 वैक्सीन का उपयोग करने के लिए आपातकालीन प्रयोग के लिए आवेदन किया है।