प्रधानमंत्री ने स्टेच्यू ऑफ यूनिटी को जोड़ने वाली 8 रेलगाड़ियों को झंडी दिखाकर रवाना किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से देश के विभिन्न भागों को केवड़िया से जोड़ने वाली 8 रेलगाड़ियों को झंडी दिखाकर रवाना किया। इन रेल गाड़ियों के चलने के बाद देश के विभिन्न क्षेत्रों से केवड़िया का निरंतर संपर्क स्थापित हो जाएगा।

प्रधानमंत्री ने दाभोई-चंदोद गेज लाइन के ब्रॉड गेज में बदले जाने, चंदोद- केवड़िया नई ब्रॉड गेज रेलवे लाइन, प्रतापनगर-केवड़िया के नए विद्युतीकरण खंड और दाभोई, चंदोद तथा केवड़िया स्टेशनों के नए भवन का भी उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि रेलवे के इतिहास में यह पहला अवसर है जब एक गंतव्य के लिए देश के विभिन्न भागों से रेलगाड़ियों की एक साथ शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि यह केवड़िया के महत्व को दर्शाता है, जो कि स्टेच्यू ऑफ यूनिटी और सरदार सरोवर का केंद्र है। आज का यह आयोजन रेलवे के विजन और सरदार पटेल के मिशन का दृष्टांत बनेगा।

केवड़िया के सीधे चेन्नई, वाराणसी, रीवा, दादर और दिल्ली से जुड़ने तथा केवड़िया और प्रतापनगर के बीच मेमू सेवाओं के शुरू होने, दाभोई-चंदोद के ब्रॉड गेज होने और चंदोद-केवड़िया के बीच नई रेल लाइन शुरू होने से केवड़िया में विकास का नया अध्याय शुरू होगा। यह पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय आदिवासियों को लाभ पहुंचाएगा। साथ ही इससे रोजगार के नए-नए अवसर पैदा होंगे। रेलवे लाइन नर्मदा पर पड़ने वाले धार्मिक विश्वास के पूजनीय स्थलों करनाली, पोईचा और गरुणेश्वर को जोड़ेगी।

केवड़िया में विकास यात्रा के जारी रहने का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केवड़िया अब किसी सुदूरवर्ती इलाके में बसा महज़ एक छोटा सा स्थान नहीं रह गया बल्कि यह अब दुनिया के सबसे बड़े पर्यटक स्थलों में स्थान रखता है। प्रधानमंत्री ने बताया कि स्टेच्यू ऑफ यूनिटी अब स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी से भी अधिक पर्यटकों को आकर्षित कर रही है।

प्रधानमंत्री ने केवड़िया स्टेशन के बारे में भी चर्चा की जिसका विकास पर्यटकों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। इसमें आदिवासी कला दीर्घा और दर्शक दीर्घा भी बनाई गई है जहां आने वाले यात्री और पर्यटक स्टेच्यु ऑफ यूनिटी की झलकी ले सकते हैं।

उन्होंने कहा कि अहमदाबाद-केवड़िया समेत विभिन्न मार्गों पर चलने वाली ‘विस्टा डोम कोच’ वाली जन शताब्दी यात्रियों को आकर्षित करेगी।

प्रधानमंत्री रेखांकित किया कि विकास के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि रेलवे पर्यावरण अनुकूल बना रहेगा। केवड़िया स्टेशन भारत का पहला ऐसा रेलवे स्टेशन है जो हरित भवन प्रमाणन के साथ शुरू हो रहा है।

 


More Related Posts

Scroll to Top