केन्द्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामलों के राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर का कद लगातार बढ़ता जा रहा है| ताजा घटनाक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने जम्मू एवं कश्मीर में हो रहे स्थानीय निकाय चुनाव के लिए अनुराग ठाकुर को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है तथा भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहनवाज हुसैन एवं हरियाणा से सांसद संजय भाटिया को सहप्रभारी बनाया गया है|
इससे पहले अनुराग ठाकुर को लद्दाख में हुए स्थानीय निकाय चुनाव में भी प्रभारी बनाया गया था| जिसमे भाजपा ने जीत दर्ज किया था|
अनुराग ठाकुर लगातार विधानसभा चुनावों में पार्टी के लिए जमकर प्रचार कर रहे हैं| हालाँकि दिल्ली चुनाव के दौरान उनको लेकर कुछ विवाद भी हो गया था| लेकिन पार्टी उनके साथ मजबूती के साथ खड़ी रही|
पूरे कोरोना काल में वह वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ मिलकर राहत पैकेज की घोषणा करते रहे| अब जिस तरह से वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन एवं हरियाणा से सांसद संजय भाटिया को अनुराग ठाकुर के अंदर काम करने के लिए लगाया गया है इससे स्पष्ट है कि पार्टी में अनुराग ठाकुर का कद लगातार बढ़ रहा है|
ऐसा माना जा रहा है कि आगामी मंत्रिमंडल विस्तार में उनकी पदोन्नति हो सकती है| बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष अनुराग ठाकुर को मीडिया एवं कम्युनिकेशन का अच्छा खासा अनुभव है तथा वह अच्छे वक्ता भी हैं| ऐसे में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि हो सकता है उन्हें सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का राज्य मंत्री बना करके स्वतंत्र प्रभार दे दिया जाए|
