लता मंगेशकर (1929-2022) : तुम मुझे यूं, भुला ना पाओगे…

”मेरी आवाज ही पहचान है, गर याद रहे..” इस गीत को अपनी आवाज देकर अमर कर गईं महान गायिका लता मंगेशकर। भारतीय संगीत की एक छत्रप सम्राज्ञी देश की मशहूर गायिका और स्वर कोकिला लता मंगेशकर Lata Mangeshkar ने दुनिया को अलविदा कह दिया। आज रविवार सुबह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनका निधन हो गया। वह 92 साल की थीं। उन्हें 8 जनवरी को कोविड-19 पॉजिटिव होने के बाद अस्पताल ले जाया गया था। उनके निधन का समाचार सुनते ही पूरा देश शोकाकुल हो गया है। वहीं केंद्र सरकार ने दिग्गज गायिका लता मंगेशकर के निधन पर दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।

हिंदी फिल्मों के पार्श्व गायन में सबसे सुरीला नाम

लता मंगेशकर का न सिर्फ हिंदी फिल्मों के पार्श्व गायन में सबसे सुरीला नाम रहा है बल्कि हिंदी सिनेमा जगत के सर्वोच्च पुरस्कार दादा साहब फाल्के और भारत रत्न से सम्मानित व्यक्तित्व थीं। उन्होंने 1 हजार से भी ज्यादा हिंदी फिल्मों में पार्श्व गायन का कार्य किया।

पिता से मिली अनमोल धरोहर

लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर 1929 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था। इनके पिता दीनानाथ मंगेशकर शास्त्रीय गायक थे और नाटकों में अभिनय किया करते थे। लता मंगेशकर अपने पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं।

5 वर्ष की आयु से ही गाना सीखना किया शुरू

लता मंगेशकर ने 5 वर्ष की आयु से ही अपने पिता दीनानाथ मंगेशकर से गाना सीखना और फिर उनके नाटकों में काम करना भी आरंभ किया। वे पढ़ने के लिए विद्यालय नहीं गईं। अपने पिता और अपने गुरुओं द्वारा दी गई गायन की शिक्षा में उन्होंने आकाशवाणी को बताया था, मेरे पिताजी की ड्रामा कंपनी थी और वे उसमें काम करते थे। वे वैसे क्लासिकल भी गाते थे और उन्होंने ही मुझे क्लासिकल म्यूजिक की शिक्षा दी। एक दिन ऐसा हुआ कि उनके एक शिष्य रियाज कर रहे थे, तो मेरे पिताजी ने उन्हें कहा कि तुम थोड़ी देर इस राग पर रियाज करो, मैं थोड़ी देर में आता हूं। उस समय मैं बाहर बरामदे में खेल रही थी तो उनके शिष्य जो गा रहे थे वो थोड़ा सा गलत गा रहे थे। मैंने जाकर उन्हें ठीक किया। मैंने उन्हें बताया कि ये राग ऐसा नहीं बल्कि ऐसे होगा।

…और कुछ यूं हुई उनके हुनर की पहचान

उस समय मेरे पिताजी ने बाहर से यह सब सुना। उस वक्त मेरे पिताजी ने मुझे कुछ नहीं कहा। इसके बाद मेरी मां को रात को बुलाकर उन्होंने कहा कि इतना अच्छा सिंगर घर में है और मैं बाहर लोगों को सिखा रहा हूं तो ये तो कोई खास अच्छी बात नहीं है। दूसरे दिन मेरे पिताजी ने मुझे सुबह उठाकर कहा कि बैठो मैं तुम्हें गायन सिखाता हूं। पिताजी के इंतकाल के बाद अमान अली खान साहब और अमानत खां साहब से भी मैंने गायन सीखा है। सबसे पहले में अपने पिता को ही इसका श्रेय देती हूं। मेरा जो नाम हुआ उसके पीछे उनका ही आशीर्वाद है।

13 वर्ष की उम्र में कंधों पर आ गई बड़ी जिम्मेदारी

जब लता मंगेशकर मात्र 13 वर्ष की थी तो उनके पिता का निधन हो गया और उन्हें परिवार का बोझ उठाने के लिए गायकी को व्यावसायिक रूप में अपनाना पड़ा। 1942 में मराठी फिल्म ‘पहली मंगला गौर’ में एक छोटा सा रोल मिला और उन्होंने इसमें एक गीत भी गाया। 1943 में उन्होंने अपना पहला हिंदी गीत गाया। यह मौका उन्हें उनके पिता के मित्र विनायक दामोदर कर्नाटिकी ने दिया था।

1945 में हिंदी फिल्मों में पार्श्व गायन किया आरंभ

1945 में लता मंगेशकर मुंबई आ गई। जहां उन्होंने हिंदी चलचित्रों में पार्श्व गायन करना आरंभ किया। वे यहा संगीत निर्देशक वसंत देसाई और गुलाम हैदर के सम्पर्क में आईं। उन्होंने 1946 में फिल्म ”सुभद्रा” और 1948 में फिल्म ”मजबूर” में गीत गाए।

अपने गाए गीतों को लेकर होती थी बेहद रोमांचित

अपने आरंभिक दिनों में वे अपने गाए गीतों को लेकर कितनी रोमांचित होती थी उन्होंने इस बारे में बताया था कि ”मैंने जब पहले-पहले रिकॉर्डिंग की थी और मेरा पहला रिकॉर्ड आया था तो मैं रेडियो के पास बैठी रहती थी कि कहीं फरमाइश में वो बजे और कहीं सुनूं मैं अपनी आवाज। पर अब मेरे इतने गाने बजते हैं कि मेरे ऊपर इसका कोई खास असर नहीं होता है।”

 


More Related Posts

Scroll to Top